
UP Winter: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 3 और 4 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंडक बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इस बार पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देर से हो रही है, जिसका असर मैदानी इलाकों में सर्दी पर पड़ा है। जनवरी का महीना सामान्य से अधिक गर्म रहा, जिससे उत्तर भारत सहित उत्तर प्रदेश में ठंड का असर कम देखने को मिला। लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। 3 और 4 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और आसपास के जिलों में भी मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। इन इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
बारिश के बाद 5 और 6 फरवरी से उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक में इजाफा होगा। मौसम विभाग का कहना है कि दिन के समय भी ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ेगा।
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में अच्छी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है, जिसका असर मैदानी इलाकों के मौसम पर भी पड़ेगा। ठंडी हवाएं उत्तर प्रदेश में ठंडक बढ़ा सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिलेगा। यह विक्षोभ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मौसम को प्रभावित करेगा। आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
संबंधित विषय:
Updated on:
02 Feb 2025 08:45 am
Published on:
02 Feb 2025 08:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
