26 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Vinay Srivastava Murder Case: कौन है वो महिला, जिसकी जुदाई के गम में परेशान था विनय? फिर मंत्री के घर में हो गई हत्या

Vinay Srivastava Murder Case: लखनऊ में केंद्रीय मंत्री के घर पर हुई विनय श्रीवास्तव की हत्या में नई बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि विनय का किसी महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी ऐसी जानकारी से इनकार किया है।

4 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Vishnu Bajpai

Sep 05, 2023

Vinay Srivastava murder case Minister Kaushal Kishore denied Love affair angle

विनय श्रीवास्तव हत्याकांड।

Vinay Srivastava Murder Case: लखनऊ में केंद्रीय मंत्री के घर पर हुई विनय श्रीवास्तव की हत्या में नई बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि विनय का किसी महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी ऐसी जानकारी से इनकार किया है। दूसरी ओर नए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना वाले दिन यानी बीते शुक्रवार को विनय घर से निकला और पीछे से आवाज आने के बाद वह फिर अंदर चला गया। इसके एक मिनट पहले शक के घेरे में आया अरुण प्रताप उर्फ बंटी भी चला गया था। तीन आरोपी और विनय सात मिनट तक कमरे में थे इसी बीच विनय की हत्या हुई। अब इस मामले में नई बात सामने आई है। दूसरी ओर केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर वह किसी महिला के संपर्क में था तो यह बात सामने आएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है।

लखनऊ के दुबग्गा के बेगरिया इलाके में स्थित केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे के घर पर विनय श्रीवास्तव की हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज से कई अहम सुराग मिले हैं। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 4:08 बजे विनय अपने घर के लिए निकला था। इसी बीच किसी ने पीछे से उसे आवाज दी और वह वापस अंदर चला गया। इसके एक मिनट पहले ही शक के घेरे में आया अरुण प्रताप उर्फ बंटी भी चला गया था। करीब सात मिनट बाद 4:15 बजे अंकित वर्मा ने पुलिस को गोली लगने से विनय की मौत की सूचना दी थी।

इससे साफ हो गया है कि केवल वापस घर के अंदर पहुंचने के सात मिनट में ही विनय की हत्या हुई थी। हत्या के आरोप में पुलिस ने बेगरिया निवासी अजय रावत, बालागंज निवासी अंकित वर्मा और दुबग्गा निवासी शमीम उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि जुआ खेलने के विवाद में तीनों ने विनय की हत्या की थी। मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दावा किया था कि बंटी और सौरभ हत्या होने से पहले ही चले गए थे। घटना के समय विनय और तीनों हत्यारोपी ही घर में थे। पुलिस ने वारदात रात दो से ढाई बजे के बीच की बताई थी।

हॉल के एक हिस्से में काम कर रहा था कैमरा
विकास किशोर के मकान में बने जिस हॉल में विनय की हत्या की गई थी, उसके आगे के हिस्से का सीसीटीवी कैमरा काम कर रहा था। लिहाजा उसकी फुटेज पुलिस को मिल गई है। दुबग्गा पुलिस ने रविवार को पीड़ित परिवारीजन को बुलाकर सीसीटीवी की फुटेज दिखाकर सही कार्रवाई का भरोसा दिलाया। विकास श्रीवास्तव ने उसी फुटेज का एक हिस्सा मीडिया से साझा किया है, जिसमें यह दिख रहा है कि गुरुवार सुबह 4 बजकर 8 मिनट पर विनय घर जाने के लिए दरवाजे की ओर जा रहा है। दरवाजे के पास ही फर्श पर बिछे गद्दे पर हत्यारोपित सुरेश रावत सोने की मुद्रा में है। विनय गेट के पास पहुंचा तभी किसी ने उसे आवाज देकर बुलाया। वह पीछा मुड़ा तो सोने का नाटक कर रहा सुरेश उठ गया और गद्दे के नीचे कोई सामान निकाला और उसे लेकर विनय की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।

परिस्थिति कुछ और कर रही इशारा
आशंका है कि विकास की पिस्तौल सुरेश के गद्दे के नीचे रखी थी, जिसे निकालकर वह विनय के पीछे गया था, उसके बाद 4:15 पर ही वहां मौजूद अंकित ने पुलिस कंट्रोल रूम को विनय को गोली लगने की सूचना दी थी। विनय का पार्टनर अरुण उर्फ बंटी भी सुबह 4 बजकर 7 मिनट पर वहां से अपने साथी सौरभ के साथ निकला था। घरवालों को आशंका है कि सुरेश, बंटी और अन्य लोगों ने पहले से ही विनय की हत्या की योजना बनाई थी और सुनियोजित तरीके से उसे मार डाला था। हालांकि, पुलिस जुआ खेलने के विवाद में हत्या की बात बता रही है।

विकास किशोर से हत्यारोपी अजय रावत से भी थे नजदीकी संबंध
मंत्री पुत्र विकास किशोर से हत्यारोपी अजय रावत और जान गंवाने वाले विनय दोनों की करीबियां थीं। विनय 2017 में मंत्री पुत्र के करीब आया था और मूलरूप से मलिहाबाद निवासी अजय 2019 में उनसे जुड़ा था। दोनों उनके राइट व लेफ्ट हैंड हुआ करते थे, लेकिन करीबी में नंबर-1 बनने का वर्चस्व दोनों में था। इसको लेकर दोनों में कई बार झड़प भी हो चुकी थी। यह भी सामने आया है कि अजय की शक के घेरे में आए बंटी से भी करीबियां थीं, जिसको लेकर भी दोनों में मनमुटाव था।

एडीसीपी वेस्ट चिरंजीव नाथ सिन्हा का वीडियो पर टिप्पणी से इनकार
केस की छानबीन कर रहे पुलिस अफसरों का कहना है कि पुलिस ने मौके से सीसीटीवी की डीवीआर अपने कब्जे में ले ली है। विनय के घरवालों ने कौन सा वीडियो मीडिया से साझा किया है? इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस का दावा है कि मौके से ताश की गड्डी और शराब की बोतलें भी मिली थीं। प्रथम दृष्टया जुए के विवाद में हत्या होना सामने आया है। हालांकि, कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, एडीसीपी वेस्ट चिरंजीव नाथ सिन्हा ने वीडियो के बारे में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

बुधवार को विकास किशोर को समन जारी करेगी पुलिस
ठाकुरगंज पुलिस की ओर से नोटिस जारी करने के बाद मंत्री पुत्र विकास किशोर सोमवार को बयान दर्ज करवाने थाने नहीं पहुंचे हैं। पुलिस मंगलवार तक उनका इंतजार करेगी। एडीसीपी वेस्ट का कहना है कि अगर मंगलवार को वह बयान दर्ज करवाने नहीं आते हैं तो उन्हें समन जारी किया जाएगा। गौरतलब है कि विकास के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। उन्हीं के असलहे से विनय की हत्या की गई थी। विकास से पूछताछ के बाद पुलिस जेल भेजे गए आरोपितों को जरूरत पड़ने पर रिमांड पर ले सकती है।

एक महिला से करीबी की हो रही चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वारदात से पहले रात करीब दो बजे विनय छत पर मोबाइल से किसी से बात कर रहा था। सूत्रों का कहना है कि तभी वहां पहुंचे अंकित को फोन के दूसरे तरफ मौजूद शख्स से विनय का बात करना नागवार गुजरा। इसे लेकर दोनों में विवाद के बाद मारपीट भी हुई थी। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए विनय के फोन का ब्योरा खंगाल रही है। 30 और 31 अगस्त को विनय ने कुछ रील बनाईं थीं। इसमें किसी से बिछड़ने का गम झलक रहा था। कुछ रील को सोशल मीडिया पर भी डाला था।

इस जानकारी के बाद पुलिस पूरे मामले में प्रेम प्रसंग का एंगल भी देख रही है। इस बीच एक महिला से उसकी करीबी की चर्चा भी हो रही हैं। इस बारे में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने बताया कि उन्हें विनय की किसी महिला से प्रेम संबंध होने की जानकारी नहीं है। अगर यह सही है तो पुलिस की जांच में सब सामने आ जाएगा। फिलहाल इस मामले की जांच पुलिस कर रही है। जांच के बाद सब सामने आ जाएगा। उधर, एसीपी चौक सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि ऐसा कोई मामला अभी तक जांच में सामने नहीं आया है।