महोबा. सरकार के समूचे देश को लॉक डाउन करने के तीसरे दिन भी महोबा में सन्नाटा पसरा हुआ है। इक्का-दुक्का लोग घरों से बाहर निकलकर अपनी जरूरत का सामान लेते दुकान पर नजर आए। वहीं जिला प्रशासन के आला अधिकारी और उनकी टीम शहर की हर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। तमाम सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिले की तीनों तहसीलों में स्थिति का जायजा ले रहे हैं। साथ ही भूख और प्यास से बेहाल लोगों के लिए उन्हें लंच पैकेट उपलब्ध करा रहे हैं। जिले में खाद्यान्न की कोई कमी नहीं है। जिले में करीब 100 से अधिक वाहनों से सभी गांवों और नगर की गलियों में लोगों को राशन सामग्री भेजी जा रही है।