3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आदिवासी संस्कृति को पल्लवित करने बन रहा आनंद मंत्रालय

आदि उत्सव में सीएम ने कहा

3 min read
Google source verification

image

Shahdol online

Apr 11, 2016

aadiutsav

aadiutsav

मंडला. आदिवासी संस्कृति को पल्लवित करने के लिए प्रदेश में आनंद मंत्रालय बनाया जाएगा। ताकि आदिवासी संस्कृति को पल्लवित किया जा सके। इसके अलावा रामनगर को केन्द्र बनाकर गौंड कालीन राज्यों को मिलाते हुए गौंड टूरिज्म सर्किट विकसित किया जाएगा। गौंडकालीन राजधानी रामनगर में आयोजित आदि उत्सव के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उक्त घोषणा की। इस अवसर पर चौहान ने काला पहाड़ सड़क के लिये 1 करोड़ 22 लाख रुपए एवं चौगान में पेयजल सुविधा के लिए 65 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति अनुरूप गौंड राजाओं के मंदिरों का जीर्णोद्धार एवं रामनगर में घाटों का निर्माण किया जाएगा।

सर्वे के बाद बनेगा स्टॉपडैम
नर्मदा नदी के गिरते जल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए सीएम चौहान ने कहा कि नर्मदा के दोनों तरफ पर पौधे लगाए जाएं जिससे नर्मदा को संरक्षित किया जा सके। रामनगर में सर्वे के उपरांत नर्मदा नदी पर तकनीक रूप से स्टापडेम का निर्माण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इन कार्यों के लिए सर्वे कराकर प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। गौंड राजाओं की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के लिए गौंड राजा शंकर शाह के नाम पर कल्याणकारी योजना संचालित किए जाने और जमीन की उर्वरा शक्ति बरकरार रखने के लिए गढ़ मंडला क्षेत्र को जैविक खेती का गढ़ बनाने का प्रयास शुरु करने को कहा।
सरपंच-सचिव हुए सम्मानित
सीएम ने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत अपनी पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त करने वाले सरपंच एवं सचिवों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने आजीविका महिला समूहों को 5 करोड़ 24 लाख रुपए की राशि का चैक भी प्रदान किया। आदि महोत्सव के अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत गरीब, विधवा, परित्यक्ता एवं नि:शक्त जनों के विवाह योग्य जोड़ों के सामूहिक विवाह
कराए गए।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भारत सरकार के जनजातीय मंत्री जुएल ओराम, प्रदेश सरकार के आदिम जाति कल्याण मंत्री ज्ञान सिंह, मध्य प्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्री कुंवर विजय शाह, मध्य प्रदेश अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डॉ शिवराज शाह, राज्य मंत्री लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और मंडला जिले के प्रभारी मंत्री शरद जैन, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संपतिया उइके, विधायक निवास रामप्यारे कुलस्ते, विधायक बिछिया पंडित सिंह धुर्वे, उपाध्यक्ष जिला पंचायत शैलेष मिश्रा सहित विभिन्न जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य, कमिश्नर जबलपुर संभाग गुलशन बामरा, पुलिस महा निरीक्षक बालाघाट जोन डी सी सागर, कलेक्टर लोकेश जाटव एवं पुलिस अधीक्षक एपी सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ जे विजय कुमार सहित अन्य प्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। गोवा सरकार के कृषि, खेल एवं युवक कल्याण, आदिवासी कल्याण तथा पशु चिकित्सा सेवाएं मंत्री रमेश बी ताबडकर आज रामनगर पहुंचेंगे और आदि उत्सव में शामिल होंगे। उत्सव में जिले के लगभग ढाई हजार छात्र छात्राएं स्टेडियम ग्राउंड में 11 अप्रैल को सुबह 8 बजे से सामूहिक रूप से करमा नृत्य की प्रस्तुति देंगे।

सीएम ने की ये घोषणाएं
* काला पहाड़ सड़क के लिए एक करोड़ 22 लाख रुपए
* चौगान में पेयजल सुविधा के लिये 65 लाख रुपए
* गौंड टूरिज्म सर्किट विकसित किया जाएगा।
* गौंड राजा शंकर शाह के नाम पर कल्याणकारी योजना शुरु होगी।
* सभी 24 मंडलियों को 11-11 हजार रुपए की राशि मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से।


विरोध भी हुआ
दस अप्रैल को रामनगर में भारी विरोध के बीच दो दिवसीय आदि उत्सव शुरु हुआ। परंपराओं को नजरअंदाज कर चैत्र नवरात्रि के दौरान सामूहिक विवाह आयोजित करने के कारण आदिवासी और गोंड समुदाय के लोग इस उत्सव के विरोध में रहे। जिले के दर्जनों गांवों में मजदूरी भुगतान नहीं के कारण सैकड़ों परिवार पलायन कर चुके हैं। यही कारण है कि सरपंच संघ ने भी आदि उत्सव का विरोध करते हुए पहले मजदूरी भुगतान को प्राथमिकता देने की मांग की। हालांकि सीएम चौहान ने लोगों की नाराजगी को दूर करने के लिए घोषणाओं का पिटारा खोल दिया और लगभग आधे दर्जन वादे कर गए।

ये भी पढ़ें

image
Story Loader