केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने रविवार को सपत्नीक वृंदावन पहुंच कर साध्वी ऋतम्भरा के यहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया।
रामायण और कृष्णा सर्किट के लिए राशि स्वीकृत
इस मौके पर छात्र-छात्राओं से मुलाकात करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मथुरा की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने लाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने रामायण सर्किट और कृष्णा सर्किट के लिए क्रमशः 275 करोड़ और 175 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इसका मुख्य केंद्रबिंदु मथुरा-वृन्दावन को बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में पर्यटन के हिसाब से बड़ी योजनाएं आनेवाली हैं।
वात्सल्य ग्राम का प्रेरणास्थल मथुरा होगा
इसी योजना में मथुरा को भी शामिल किया गया है । प्रसाद योजना में भी मथुरा का विकास होगा तथा वात्सल्य ग्राम को प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा । प्रधानमंत्री का सपना है बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ इसको भी मथुरा में केंद्र बिंदु और धुरी के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसको बढ़ावा देने के लिए वात्सल्य ग्राम को जिमेदारी दी जाएगी।
मथुरा- वृंदावन के घाटों का जीर्णोद्धार होगा
पर्यटन के हिसाब से यहां बड़ी योजनाएं आनेवाली है। मथुरा और दिल्ली को हेलीकाप्टर सेवा से भी जोड़ा जाएगा। सस्ती उड़ान की सुविधा लोगों को दी जायेगी। मथुरा-वृन्दावन के घाटों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण भी उमा भारती के साथ मिलकर किया जा रहा है।