
CCTV में कैद संदिग्ध और मशहूर शिक्षक गुरु रहमान
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में आदम्य अदिति गुरुकुल के संचालक और जाने-माने टीचर गुरु रहमान को उनके ऑफिस में सरेआम जान से मारने की धमकी दी गई। बुधवार शाम को एक अनजान बदमाश गुरु रहमान के कोचिंग इंस्टीट्यूट में घुसा और न सिर्फ उन्हें गोली मारने की धमकी दी, बल्कि 10 दिनों के भीतर अंजाम भुगतने की बात कहकर कोचिंग बंद करने का फरमान भी सुनाया। यह घटना कदमकुआं इलाके के गोपाल मार्केट में हुई, जहां रोजाना सैकड़ों स्टूडेंट आते हैं।
गुरु रहमान के मुताबिक, जब वह अपने कोचिंग इंस्टीट्यूट में थे, तो लाल गमछा पहने एक युवक आया और उनसे पूछा कि वह 2013 में प्राचीन भारतीय इतिहास उर्दू में क्यों पढ़ाई थी। गुरु रहमान को शुरू में लगा कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर है, लेकिन उसने बार-बार अपना हाथ उसकी कमर पर रखा, जिससे लगा कि उसके पास कोई हथियार हो सकता है।
घटना के दौरान, बदमाश बहुत गुस्से में था और उसने सीधे जान से मारने की धमकी दी। वह चिल्लाया, "आज भले ही बच जाओ, लेकिन 10 दिन के अंदर गोली मार दूंगा। कोचिंग तुरंत बंद करो।" मौके पर मौजूद छात्रों और स्टाफ ने होशियारी से काम लिया और आरोपी को केबिन से बाहर निकालने में कामयाब रहे। लेकिन, वह बाहर से चिल्लाता और धमकी देता रहा।
गुरु रहमान तुरंत पीरबहोर पुलिस स्टेशन गए और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पूरी घटना कोचिंग इंस्टीट्यूट के कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि करीब 30-35 साल का एक युवक सफेद शर्ट और गमछा पहने हुए है। गुरु रहमान ने पटना के एसएसपी और पीरबहोर पुलिस थानाध्यक्ष से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस धमकी के बाद स्टूडेंट्स और पेरेंट्स भी डरे हुए हैं।
पीरबहोर थानाध्यक्ष शहजाद गद्दी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे और मामले को सुलझा लेंगे।
Updated on:
12 Feb 2026 08:03 am
Published on:
12 Feb 2026 08:02 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
पटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
