गौरतलब है कि एससी-एसटी एक्ट में हुए संशोधन के विरोध में बीती दो अप्रैल को मेरठ में भारी हिंसा हुई थी। बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा पर हिंसा कराने और लोगों को भड़काने का आरोप लगा था, जिसके बाद तत्कालीन एसएसपी मंजिल सैनी ने आलाधिकारियों के आदेश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग आठ थानों में योगेश वर्मा के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज करवाए थे। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में आए योगेश वर्मा ने बताया कि भाजपा सरकार में जेल के अंदर भी लोगों का शोषण हो रहा है। जेल के भीतर उनको किसी से मिलने नहीं दिया जाता। बसपा के कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए जाते हैं तो उनको वापस भेज दिया जाता है। खुद उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। वह पिछले दो सप्ताह से गुर्दे में दर्द से परेशान हैं। बावजूद इसके जेल प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा था। सोमवार सुबह अधिक दर्द होने के कारण उन्होंने पहले जिला अस्पताल के डॉक्टरों को दिखाया, जिन्होंने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया। उसके बाद जेल प्रशासन मजबूरी में मेडिकल कॉलेज लेकर आया। इस दौरान योगेश वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भाजपा की सरकार है, समय सबका बदलता है। जिस दिन हमारा समय बदलेगा, उस दिन सभी को सबक सिखाऊंगा।