
मेरठ। कोरोना वायरस और रामनवमी पर्व के कारण मेरठ समेत पूरे प्रदेश के पुलिसकर्मियों की छुट्टियां 5 अप्रैल तक रद्द कर दी गई हैं। एडीजी प्रशांत कुमार ने जोन के सभी जिलों के एसएसपी को भेजे निर्देश में कहा कि ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हों। कहा गया है कि 5 अप्रैल तक किसी पुलिसकर्मी को किसी भी प्रकार का कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा। सभी लोग अपनी-अपनी ड्यूटी का ईमानदारी से पालन करेंगे।
एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने कोरोना वायरस के संक्रमण और रामनवमी त्योहार को देखते हुए आगामी पांच अप्रैल तक के लिए पुलिसकर्मियों के सभी प्रकार के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। विशेष परिस्थितियों में अधिकारी अपने विभागाध्यक्ष से लिखित अनुमति प्राप्त करके ही अवकाश स्वीकृत कर सकेंगे। एडीजी कानून-व्यवस्था पीवी रामाशास्त्री ने डीजीपी के निर्देश पर इस संबंध में आदेश जारी किया है।
वहीं एसएसपी अजय साहनी ने कहा कि सभी सर्किल सीओ और थानेदारों को आदेश की कापी मुहैया करा दी गई है। बता दें कि इन दिनों जिले में लॉक डाउन किया हुआ है जो कि आगामी 25 मार्च तक जारी रहेगा। उसके बार स्थिति की समीक्षा करके ही लॉक डाउन को आगे बढाया जा सकता है या फिर उसको खत्म किया जाएगा, लेकिन इसके बाद रामनवमी का पर्व भी है। इसी को लेकर जनपद में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके कारण सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई।