देश के पश्चिम प्रांत गुजरात और राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार को भारी बारिश होने की संभावना है। केरल, तटीय कर्नाटक और कोंकण क्षेत्र में मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम पूर्वानुमानकर्ता स्काइमेट की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, गुजरात, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में भारी वर्षा होने की संभावना है। स्काइमेट ने केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा और गुजरात के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, ओडिशा, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण तमिलनाडु में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। देश के कई अन्य इलाकों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।