scriptनौसेना का युद्धपोत ‘बेतवा’ पलटा, दो नाविकों की मौत, 14 घायल | Two dead, 14 injured as Navy’s INS Betwa tips over during undocking | Patrika News
विविध भारत

नौसेना का युद्धपोत ‘बेतवा’ पलटा, दो नाविकों की मौत, 14 घायल

नौसेना के अनुसार यह हादसा दिन में लगभग डेढ़ बजे उस समय हुआ जब युद्धपोत डॉक से अलग हो रहा था।

Dec 05, 2016 / 07:33 pm

विकास गुप्ता

INS Betwa

INS Betwa

नई दिल्ली। नौसेना का एक प्रमुख युद्धपोत आईएनएस बेतवा सोमवार को मुंबई स्थित नौसैनिक डॉकयार्ड में मरम्मत के दौरान एक तरफ झुकने के बाद गिर गया जिससे दो नाविकों की मौत हो गयी और 14 घायल हो गये। नौसेना के अनुसार यह हादसा दिन में लगभग डेढ़ बजे उस समय हुआ जब युद्धपोत डॉक से अलग हो रहा था।

दुर्घटना का कारण डॉक-ब्लाक प्रणाली का फेल होना बताया जा रहा है। हादसे के समय युद्धपोत मिसाइलों और अन्य अत्याधुनिक हथियारों से लैस था। नौसेना ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं। नौसेना सूत्रों के अनुसार इस युद्धपोत को नियमित कार्यक्रम के तहत रिफिट किया जा रहा था यानी इसकी मरम्मत की जा रही थी और जब यह डॉक से अलग हो रहा था तो यह एक तरफ झुकने के कारण गिर गया।

इस हादसे में 14 नाविकों को बचा लिया गया है हालांकि वे घायल हो गये हैं। लापता दो नाविकों की मौत हो गयी है। घायल नाविकों को नौसेना के अस्पताल आईएनएचएस अश्विनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार नौसेना के किसी पोत को पहली बार इस तरह के हादसे का सामना करना पड़ा है। आईएनएस बेतवा लगभग 4000 टन वजन का ब्रह्मपुत्र श्रेणी का युद्धपोत है और यह वर्ष 2004 में नौसेना के बेड़े में शामिल हुआ था।

Hindi News/ Miscellenous India / नौसेना का युद्धपोत ‘बेतवा’ पलटा, दो नाविकों की मौत, 14 घायल

ट्रेंडिंग वीडियो