मुंबई

मुंबई में मूसलाधार बारिश: भांडुप में भूस्खलन से कई घर तबाह, कसारा में लोकल ट्रेन पर मलबा गिरने से 2 यात्री घायल

Mumbai Rains: भारी बारिश के बीच कसारा स्टेशन के पास एक लोकल ट्रेन के डिब्बे पर भूस्खलन का मलबा गिर गया। इस घटना में ट्रेन के दरवाजे पर खड़े दो यात्री घायल हो गए।

2 min read
Jul 23, 2025

मुंबई और उसके उपनगरों में पिछले 24 घंटे से भारी बारिश जारी है। शहर के विभिन्न हिस्से में 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई। इससे आम-जनजीवन प्रभावित हुआ। सोमवार से ही शहर में रूक-रूक कर तेज बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश अंधेरी, मलाड, गोरेगांव, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विलेपार्ले समेत पश्चिमी उपनगर में हुई। मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि 24 घंटे में मुंबई में शॉर्ट सर्किट की सात और पेड़ों के गिरने की 11 घटनाएं हुईं। जबकि मकान के हिस्से के गिरने की दो घटनाएं भी हुईं, लेकिन सौभाग्य से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।   

मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में पिछले तीन घंटों के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई है। खासकर दक्षिण मुंबई और उपनगरों में अधिकतम 20 से 30 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मुंबई में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर इसी तरह की बारिश जारी रहने की संभावना है।

भारी बारिश के बीच भांडुप में भूस्खलन

वहीँ, मुंबई उपनगर के भांडुप इलाके के खिंडीपाड़ा में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां ओमेगा हाईस्कूल के पीछे स्थित लगभग 50 फीट ऊंचे पहाड़ पर बनी सेफ्टी वॉल का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि मलबा तेजी से नीचे गिर रहा है और कम से कम पांच घरों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ।

वहीँ, ठाणे जिले में भारी बारिश के बीच कसारा स्टेशन के करीब एक लोकल ट्रेन के डिब्बे पर भूस्खलन का मलबा गिर गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात जब लोकल ट्रेन कसारा स्टेशन पर आ रही थी तो उंबरमाली से कसारा के बीच अचानक भूस्खलन हुआ और कुछ पत्थर और मिट्टी लोकल ट्रेन पर गिर गईं। इस घटना में ट्रेन के दरवाजे पर खड़े दो यात्री घायल हो गए। एक पुरुष यात्री के पैर पर गंभीर चोट लगी।   

हालांकि मध्य रेलवे (सीआर) ने एक यात्री के घायल होने कि पुष्टि की है। सीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब लोकल ट्रेन रात करीब सवा नौ बजे मुंबई सीएसएमटी से करीब 120 किमी दूर कसारा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर प्रवेश कर रही थी।

कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक धीमा, अंधेरी सबवे बंद

मुंबई में लगातार बारिश के चलते कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे (दक्षिण दिशा में), ईस्टर्न फ्रीवे (दक्षिण दिशा में) और बीकेसी कनेक्टर (दक्षिण दिशा) पर ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिल रही है। जबकि पंप हाउस से लेकर मोगरा मेट्रो स्टेशन तक जलभराव के कारण ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है।

सबसे ज्यादा असर अंधेरी सबवे में देखा गया, जहां लगभग 2 से 2.5 फीट तक पानी भर गया है, जिसके चलते दोनों दिशाओं की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। इसलिए गोखले पुल और ठाकरे पुल की वाहनों को डाइवर्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं।

Updated on:
23 Jul 2025 01:12 pm
Published on:
23 Jul 2025 12:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर