Maharashtra Weather: वीकेंड तक मुंबई और इसके आसपास के जिलों में आंधी और बिजली चमकने के साथ बारिश होगी।
Mumbai Weather Alert: मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों में शुक्रवार शाम को मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ घंटों में कोंकण क्षेत्र में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना है। मुंबई तट के पास पश्चिम में बारिश के बादल मौजूद हैं। इस सिस्टम के कारण सुबह और दोपहर में उमस भरी गर्मी थी और शाम को गरज के साथ अच्छी बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, वीकेंड तक मुंबई और इसके आसपास के जिलों में आंधी और बिजली चमकने के साथ बारिश होगी। दक्षिण कोंकण में रविवार तक कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होगी। मुंबई, ठाणे में शाम में बारिश होने की अधिक संभावना है। दिन के समय पारा चढ़ेगा, लेकिन शाम के बाद हवा ठंडी होने से लोगों को राहत मिलेगी। यह भी पढ़े-Maharashtra Rain: राज्य से इस दिन अलविदा होगा मॉनसून, अक्टूबर में बरसेंगे बादल, जानें ताजा अपडेट
पुणे में बारिश
वहीं, आज दोपहर बाद पुणे (Pune Rains) के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश हुई। पुणे शहर, कोंढवा, खराडी, बिबवेवाड़ी, मनपा, स्वारगेट, कैंप, मगरपट्टा आदि इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज हुई। हालांकि, जिले के बहुत से हिस्सों में बारिश की तीव्रता ज्यादा देर तक कायम नहीं रही।
मुंबई में किशोर पर गिरी बिजली!
आईएमडी की ओर से दिए गए पूर्वानुमान के मुताबिक आज मुंबई, ठाणे, पालघर और पुणे में तेज हवा चलने के साथ बिजली चमकेगी व बारिश होगी। गुरुवार को भी दोपहर बाद मुंबई, ठाणे और पालघर के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश दर्ज हुई। गणपति विसर्जन के दौरान जुहू बीच पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से एक नाबालिग लड़के की मौत हो गयी।
मॉनसून की वापसी कब?
मौसम विभाग के अधिकारियों ने इस साल मॉनसून के 8 से 10 अक्टूबर के आसपास महाराष्ट्र और मुंबई-पुणे (Mumbai Rains) से वापस जाने की संभावना जताई है। आईएमडी पुणे के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक केएस होसालिकर (KS Hosalikar) के मुताबिक, 2-3 अक्टूबर के आसपास एक और प्रणाली विकसित होने की उम्मीद है, इससे महाराष्ट्र में 8 अक्टूबर तक हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद राज्य से मॉनसून की वापसी शुरू हो सकती है।