Nagaur. सीजन में पचास हजार से ज्यादा क्ंिवटल मूंग की अब तक आवक के बाद भी मंडी का कारोबार स्थिर
- 30से 40 हजार की जगह केवल 8 से 10 हजार आ रही मूंग की बोरियां
- मूंग की आवाज कम होने की वजह से 9 से 10 करोड़ की जगह 4 से 5 करोड़ का हो रहा कारोबार
- व्यापारी व किसानों ने कहा उत्पादन कम होने की वजह से कारोबार पर पड़ा असर
-सीजन में नई उपज की आवक के साथ अकेले मूंग का ही 20 से 22 करोड़ तक का रोजाना होता था कारोबार
नागौर. कृषि उपज मंडी में अब 50 हजार से ज्यादा क्विंटल मूंग की आवक इस सीजन में हो चुकी है। इसके बाद भी मंडी के कारोबार में कोई विशेष हलचल नजर नहीं आ रही है। कारोबारियों की माने तो सीजन में सामान्यत: 30 से 40 हजार बोरियों की रोजाना आवक होती है, लेकिन इस बार मौसम की बेरुखी के साथ ही मूंग के उत्पादन पर असर पड़ा तो कारोबार भी इससे प्रभावित रहा। कम आवक की वजह से सीजन में 20-22 करोड़ का होने वाला कारोबार फिलहाल सात से साढ़े सात करोड़ तक सिमट कर रह गया है। इससे व्यापारी एवं काश्तकार दोनों ही इस बार ज्यादा उत्साहित नजर नहीं आ रहे हैं।
कृषि उपज मंडी में यह साल भी मूंग के कारोबार के लिए बहुत बेहतर साबित नहीं हो पाया है। इन दिनों में मूंग की आवक होने के साथ ही कृषि उपज मंडी में भीड़ के चलते पैदल चलने के लिए जहां कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी, वहीं इस बार परिस्थिति बदली हुई है। मूंग की आवक तो हो रही है, लेकिन महज आठ से दस हजार बोरियों तक की ही है। बीच में यह आवक चार से पांच हजार तक भी हो जाती है। मूंग की आवक होने के साथ भावों में कोई विशेष बढ़ोत्तरी भी नहीं हुई है। हालांकि बीच में एक से दो दिनों तक गत माह में मूंग के भाव नौ हजार प्रति क्विंटल तक पहुंचे थे, लेकिन फिर इसके बाद नहीं बढ़े। इससे मूंग की उपज लेकर आने वाले काश्तकारों में उत्साह की स्थिति नजर नहीं आ रही है।
इस माह मूंग की अब तक की आवक
तिथि मूंग
01-09-2023 = 1828.50 क्विंटल
02-09-2023 = 1674.00 क्विंटल
04-09-2023 = 2897.00 क्विंटल
05-09-2023 = 3140.00 क्विंटल
06-09-2023 = 3715.00 क्विंटल
07-09-2023 = 3192.00 क्विंटल
08-09-2023 = 3478.00 क्विंटल
09-09-2023 = 4891.00 क्विंटल
11-09-2023 = 4304.00 क्विंटल
12-09-2023 = 4091.00 क्विंटल
13-9-2023 = 3957.50
14-9-2023 = 3791.50
15-9-2023 = 2998
16 -9-2023 = 2557.50
18-9-2023 = 2342
19-9-2023 = 3605.50
20-9-2023 = 3592
अब तक 40 करोड़ से ज्यादा का रहा कारोबार
कृषि उपज मंडी में गत सितंबर से अब तक यानि की 20 सितंबर तक मूंग की कुल आवक 56054.50 क्विंटल हो चुकी है। सामान्यत: भाव भी 8500 रुपए प्रति क्विंटल ही रहे। इससे अब तक 47 करोड़ 64 लाख 63 हजार 250 रुपए का कारोबार हो चुका है। इसके बाद भी काश्तकारों के चेहरों पर उत्साह नजर नहीं आ रहा है।
व्यापारी व काश्तकार बोले...इस बार अच्छा कारोबार नहीं रहा
कृषि उपज मंडी में इन दिनों सीजन में मूंग की आवक हो रही है, लेकिन आवक की मात्रा बेहद कम है। इसका मंडी के कारोबार पर व्यापक असर पड़ा है। यही वजह रही है कि मंडी में इन दिनों नई उपज आने के बाद भी ज्यादा हलचल नहीं रही है।
मूलचंद भाटी, अध्यक्ष, कृषि उपज मंडी व्यापार मण्डल नागौर
मूंग के उत्पादन कम होने का असर इस बार साफ नजर आ रहा है। इन दिनों नई उपज के साथ ही कृषि मंडी में भीड़ की वजह से पैदल तक चलने के लिए मशक्कत करनी पड़ती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। इससे कारोबार में ज्यादा तेजी नहीं आई है अब तक।
पवन भट्टड़, व्यापारी, कृषि उपज मंडी नागौर
मौसम की बेरुखी की वजह से मूंग का उत्पादन कम रहा है। खाने के लिए मूंग रखने के बाद मंडी में लाने के लिए ज्यादा मूंग नहीं रही, लेकिन फिर भी मूंग लेकर आए हैं। भाव भी ज्यादा अच्छे नहीं मिल रहे हैं।
दिनेश, काश्तकार, ग्राम मूण्डवा
खेतों में मेहनत तो इस बार भी खूब की थी, लेकिन मौसम ने साथ नहीं दिया। बुआई में मूंग काफी उपज इस बार भी खराब हुई है। उपज खराब नहीं होती तो फिर निश्चित रूप से कारोबार भी बेहतर होता।
कैलाश, काश्तकार, ग्राम मूण्डवा
इनका कहना है...
कृषि उपज मंडी में मूंग की आवक लगातार हो रही है। इसके लिए मंडी प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं भी की गई है। ताकि काश्तकारों को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़े। इसके साथ ही किसानों को ई-भुगतान के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
रघुनाथराम सिंवर, सचिव, कृषि उपज मंडी नागौर