
टांका निर्माण के लिए खुदाई के समय मिट्टी ढहने से तीन जने दब गए। उनमें एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नागौर. टांका निर्माण के लिए खुदाई के समय मिट्टी ढहने से तीन जने दब गए। उनमें एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार पिथोलाई निवासी मोहनराम के खेत में पानी का टांका निर्माण का काम चल रहा था। मोहनराम का भाई रामसुखराम (57) मूलत: इस काम का कारीगर है। वो भागीरथ जाट (50) और करनाराम (35) के साथ सुबह से खेत में टांका निर्माण के लिए खुदाई में जुटा था। करीब साढ़े दस बजे अचानक मिट्टी ढहने से तीनों दब गए। हादसा होते ही शोरगुल मच गया। श्रीबालाजी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह को सूचना मिलने पर वे हैड कांस्टेबल ओमप्रकाश के साथ मौके पर पहुंचे। घटना-स्थल तक पहुंचने के लिए सुगम रास्ता नहीं होने से परेशानी हुई। बाद में ट्रेक्टरों के जरिए आसपास से लोग भी मदद के लिए वहां पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामसुखराम को मृत घोषित कर दिया। भागीरथ व करनाराम को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
देखते-देखते ही ढह गई मिट्टी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि असल में रामसुखराम तो काम की देखरेख कर रहा था जबकि भागीरथ व करनाराम भीतर खुदाई में लगे थे। इन दोनों को समझाने के लिए रामसुखराम उनके नजदीक पहुंचा तभी मिट्टी धंसी और तीनों दब गए। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
गैंगरेप के आरोपी दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर
-पीडि़ता नाबालिग
नागौर. श्रीबालाजी थाना इलाके में नाबालिग का अपहरण कर सामूहिक बलात्कार के आरोपी गिरफ्तार रविंद्र विश्नोई और सीताराम उर्फ राकेश विश्नोई को शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच एएसपी ताराचंद कर रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि आरोपी तो गिरफ्तार हो चुके पर वारदात के दौरान काम में ली गई गाड़ी अभी पुलिस को नहीं मिल पाई है। श्रीबालाजी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर जल्द गाड़ी बरामद की जाएगी। गौरतलब है कि करीब साढ़े चौदह साल की मासूम को 15 मई की दोपहर रविंद्र ने डरा-धमकाकर बुलाया और सीताराम उर्फ राकेश के साथ उसका अपहरण कर बलात्कार किया। बालिका के मेडिकल के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।
Published on:
20 May 2023 09:27 pm
