आधी उधारी सरकारी विभाग को
परबतसर. डिस्कॉम की वसूली अभियान के लिए विद्युत निगम को सख्त निर्देश दिए गए हैं, लेकिन विद्युत निगम का उधारी का डंडा केवल आम जनता पर पड़ रहा है। परबतसर उपखण्ड में 4 करोड़ 80 लाख रुपए उपभोक्ताओं में बकाया निकल रहा है। बकाया वसूली के लिए डिस्कॉम के अधिकारी जुटे हुए हैं। बकाया वसूली आमजन से हो रही है। सरकारी कार्यालयों के करीब 2 करोड़ रुपए बिल बकाया है। इनमें से जलदाय विभाग के 4 लाख 20 हजार रुपए, जनता जल योजना के 32 लाख 78 हजार, सरपंच ग्राम पंचायतों के 90 लाख, प्रशासन के सरकारी विभागों के 34 हजार, पुलिस विभाग के 1 लाख 19 हजार, नगरपालिका की रोड लाइट के 52 लाख 5 हजार तथा रेलवे में 48 हजार रुपए बकाया निकल रहे हैं। इन सरकारी विभागों की बकाया राशि व भुगतान देरी के कारण निगम पर भार बढ़ रहा है। सरकारी कार्यालयों के बिल समय पर जमा नहीं हो तो भी अधिकारियों को कनेक्शन काटने के लिए कहने वाला कोई नहीं है। आम जनता पर तो डिस्कॉम भी कनेक्शन काटने को कहकर ज्यों त्यों राशि वसूली जा रही है लेकिन बड़े विभागों के अधिकारियों को केवल बकाया जमा करवाने के लिए नोटिस ही भेजे जा रहे हैं।