गुढासाल्ट (नागौर) . कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में पूरे दिन उमस भरी गर्मी ने झुलसाया। देर शाम आसपास मौसम ने अचानक करवट ली। काली घटाओं के साथ आसमान में बादल छा गए। बिजली की तेज गर्जना और तूफानी हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी के बाद बारिश गिरी। तेज हवा से कुछ जगह चारे पर रखे तिरपाल उड़ गए।
सड़कों पर आवागमन करने वाले वाहनों के पहिए कुछ देर के लिए थम गए। जिसे जन जीवन भी अस्त-व्यस्त हुआ। आसमान में छाई काली घटाओं का दृश्य देखते ही बन रहा था। देर तक कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश होने से रात का पारा गिर गया। गर्मी से राहत मिलने के बाद लोग घरों से बाहर निकले। इससे पहले खेतों में काम कर रहे किसान छाई काली घटाओं को देख जल्दी घरों की तरफ लौट गए। यहां किसानों ने बुवाई कर ली थी, जिन्हें भी बारिश से बड़ी राहत मिली।