नागौर/खींवसर. जिले के एक मात्र ग्राम भावण्डा की राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्राथमिक स्तर के छात्रों को आधुनिक शिक्षा मिलेगी। इसके लिए सरकारी स्तर के साथ भामाशाह ने भी संसाधन उपलब्ध करवाए हैं। अब यहां छात्रों को बैग लैसआधुनिक शिक्षा मिलेगी। छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर के जरिए पर्दे पर शिक्षण व्यवस्था के साथ इंटरनेट के जरिए देश-विदेश की नवीनतम जानकारी से भी विद्यार्थी अपडेट हो सकेंगे। इसके लिए राज्य सरकार की शिक्षा योजना के साथ भामाशाह ने विद्यालय में प्रोजेक्टर सहित संशाधन उपलब्ध करवाए हैं। इनमें अध्ययनरत 107 छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। इसी के साथ ही स्कूल में आधुनिक तकनीक से शिक्षण कार्य होगा। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा दिलाने के लिए विद्यालय की शिक्षिका पूनम चौधरी को प्रोजेक्टर संचालन का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। शिक्षण व्यवस्था के साथ-साथ प्रोजेक्टर में मनोरंजन सुविधा के कारण विद्यार्थी खाली समय में भी इसका उपयोग कर सकेंगी। सरकार की मंशा है कि स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य के साथ उन्हें खेल, सामान्य ज्ञान, देश-विदेश की खबरें, नई तकनीक से रूबरू करवाने में परिपक्व हों। इसके लिए भामाशाहों का भी सहयोग लिया है। भावण्डा के भामाशाह गंगासिंह राजपुरोहित ने इसमें विशेष सहयोग किया है।