4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कहीं नलकूप सूखे तो कई स्कूलों में शिक्षक नहीं, अधिकारी हांक रहे आंकड़ों की गाड़ी

-खींवसर पंचायत समिति की साधारण सभा में जनप्रतिनिधियों ने निकाली भड़ास -कहा आश्वासन से नहीं चलेगा काम-बार-बार बैठक स्थगित होने से सरपंचों का हुआ मोह भंग-अधिकांश सरपंच नहीं पहुंचे बैठक में

3 min read
Google source verification
 मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा पर  निकाली कलश यात्रा, 11 सौ महिलाओं ने धारण किए कलश

खींवसर पंचायत समिति में आयोजित साधारण सभा में मौजूद अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि।

खींवसर. लम्बे अन्तराल के बाद बुधवार को बुलाई गई खींवसर पंचायत समिति की साधारण सभा में जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को लेकर जमकर भड़ास निकाली। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वह बैठकों में अपनी बात रखते हैं, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन की गाड़ी हांक रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह नलकूप सूखे पड़े है तो कई स्कूलों में शिक्षक नहीं है। कई जगह बिजली व शिक्षा की समस्याएं जस की तस है। अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेने की बजाए केवल आंकड़ों से काम चला रहे हैं।
सरपंचों ने कहा कि ऐसी स्थिति में उनका साधारण सभाओं से मोह भंग होने लगा है। यही कारण है कि अधिकांश सरपंच नदारद है। बार-बार स्थगित हो रही साधारण सभा से जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान नहीं होने का गुस्सा साफ दिखाई दिया। इस बार साधारण सभा में प्रतिनिधियों के प्रवेश पर पाबन्दी के कारण अधिकांश सरपंचों की जगह आए प्रतिनिधि बाहर चक्कर लगाते दिखे।

विभाग की अनदेखी से दुर्घटनाएं

साधारण सभा में उप प्रधान रामसिंह बागडि़या ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही है। अनेक गांवों में सडक़ किनारे कई जगह अतिक्रमण हो चुके हैं तो कई जगह बबूल की झाडिय़ां उगने से दुर्घटनाएं बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि खींवसर देऊ सडक़ मार्ग आकला पंचायत से भेड़ मार्ग, आकला पंचायत से हमीराणा जाने वाली सडक़ पर अवैध अतिक्रमण एवं बबूल की झाडिय़ों से दुर्घटनाएं बढ़ रही है। उन्होंने झाड़ी कटिंग करवाने एवं अवैध अतिक्रमण हटाने की बात रखी।

बीस वर्षों से दर्ज नहीं रिकॉर्ड में

बैराथल सरपंच निरमा पंचारिया ने बताया कि ग्राम जगरामपुरा में बैराथल-आचीणा सड़क में राप्रावि जगरामपुरा होते हुए पांचला डामर सड़क तक रास्ता मौके पर करीब २० वर्षों में चल रहा है, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। इस कारण इस रास्ते पर आने वाले करीब ८० परिवारों को असुविधा होती है तथा इस रास्ते का प्रस्ताव बनाकर मौका रिपोर्ट बनाकर तैयार किया हुआ हैस लेकिन अभी तक राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया है। सरपंच ने बताया कि रिकॉॅर्ड में दर्ज होने के बाद किसानों के आवागमन के लिए ग्रेवल सड़क बनाई जा सकेगी।

धूल फांक रहे तीन करोड़

जनप्रतिनिधियों ने साधारण सभा में बताया कि ग्राम पंचायत आकला में में मीठे पानी के लिए करीब ३ करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ था। इस राशि से गांव में दो उच्च जलाशय बनाए गए हैं पूरे गांव में आधी अधूरी पाइप लाइन भी डाली हुई है। इस जल परियोजना का उद्घाटन भी बोर्ड लगाकर कर दिया गया है लेकिन गांव में पानी जांच के अलावा दो वर्षों से एक दिन भी पानी नहीं आया। महंगाई राहत कैम्प में जनता ने शिकायत की तो जल अधिकारियों ने दो दिन में पानी की व्यवस्था कर देंंगे, मुख जुबानी कहकर पल्ला झाड़ रहे है। करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी गांव की जनता व पशु पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीएचईडी कर्मचारियों, अधिकारियों को इसकी कोई चिंता नहीं है। सरकार के करोड़ों रुपए व्यर्थ चले गए । इधर, गांव में जो भी नलकूप खुदे हुए हैं वह बन्द हैं गांव में जितने भी जीएलआर है पिछले दो वर्षों से खाली पड़े हैं। सभी जीएलआर क्षतिग्रस्त की श्रेणी में आ चुके हैं। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर सही जांच कर पानी की समस्या का समाधान करने की मांग की।
इन्होंने लिया भाग
साधारण सभा में उपखण्ड अधिकारी डॉ. धीरज कुमार सिंह, तहसीलदार महेन्द्र सिंह मुवाल, विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार, प्रधान सीमा बिडिय़ासर, उप प्रधान रामसिंह बागडिय़ा, सहायक विकास अधिकारी श्रवणराम प्रजापत, खींवसर सरपंच राजु देवी देवड़ा, पांचौड़ी सरपंच सुशील कंवर, करणू सरपंच करणाराम प्रजापत, खटोड़ा सरपंच तिलाराम, पाबूसर सरपंच गोपाराम, बिरलोका सरपंच कमला, पांचलासिद्धा सरपंच राजेन्द्रसिंह सोनिगरा, आचीणा सरपंच श्रवणसिंह, पापासनी सरपंच भानाराम, खुण्डाला सरपंच अंजु कंवर, भेड़ सरपंच गणपतराम विश्रोई, जिला परिषद सदस्य दिनेश गोदारा, पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर बेनीवाल, रायचन्द, सुमित्रा आचार्य, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी जेठाराम गोदारा, नहरी विभाग के एईएन निशा बुगालिया, जेईएन सत्यनारायण, वीसीएमओ डॉ. जुगल किशोर सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।