
सुलेमान खान। फाइल फोटो- पत्रिका
नागौर। गणतंत्र दिवस से पहले 10 टन विस्फोटक बरामद होने के मामले में SIT ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी सुलेमान खान को विस्फोटक सप्लाई करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच टीम ने सभी चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
इनमें से एक आरोपी ने लाइसेंस सरेंडर करने के बाद दो साल तक नर्सिंगकर्मी की नौकरी करते हुए अवैध सप्लाई जारी रखी। बाकी तीन आरोपी लाइसेंसधारी होने के बावजूद रिकॉर्ड में हेराफेरी कर अमोनियम नाइट्रेट बेच रहे थे। सुलेमान खान इनसे विस्फोटक खरीदकर अधिक कीमत पर बेचता था। तीन आरोपी नागौर और एक चित्तौड़गढ़ का रहने वाला है और ये अलग-अलग क्षेत्रों में लाइसेंस प्राप्त मैगजीन चला रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुलेमान खान पिछले 12 सालों से विस्फोटकों के अवैध कारोबार में सक्रिय था और इसी धंधे से उसने करोड़ों की दौलत अर्जित की। पुलिस और प्रशासन की नजरों से बचने के लिए उसने हरसौर गांव के आखिरी छोर पर सुनसान इलाके में 45 बीघा जमीन में ऊंची दीवारों से घिरा फार्महाउस बना रखा था। इस फार्महाउस में 2-3 कमरों में अमोनियम नाइट्रेट, डेटोनेटर, डेटोनेटिंग वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री रखी थी।
यह वीडियो भी देखें
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस से पहले गृह मंत्रालय की स्पेशल टीम और खुफिया विभाग की टीमें हरसौर गांव पहुंचीं और सुलेमान खान के फार्महाउस की जांच की। खुफिया जानकारी के आधार पर 24 जनवरी शनिवार को पुलिस ने हरसौर गांव के एक खेत में बने फार्महाउस पर छापा मारा। इस छापे में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। 187 बोरियों में लगभग 10 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट, डेटोनेटर, डेटोनेटिंग वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री पुलिस ने जब्त की। इसी के साथ सुलेमान खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
Updated on:
03 Feb 2026 04:54 pm
Published on:
03 Feb 2026 04:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
