नर्मदापुरम. हिल स्टेेशन पचमढ़ी में महादेव मंदिर जाने वाले दुर्गम मार्ग पर श्रद्धालुओं की यात्रा को सुलभ कराने के लिए कार्रवाई शुरू हो गई है। इस मार्ग पर सड़क के सोल्डरों पर पेवर ब्लॉक लगाने के लिए टेंडर हो गया है। डेढ करोड़ रुपए की लागत से सड़क पर काम किया जाएगा। इसके बाद मार्ग पर बारिश के दौरान वाहनों के फिसलने आदि की घटनाएं नहीं होंगी।
जानकारी के मुताबिक पचमढ़ी महादेव मंदिर में मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश सहित देश के कई शहरों से लाखों श्रद्धालु आते हैं। खतरनाक मोड़ वाले इस पहाड़ी मार्ग से गुजरना चुनौतियों से भरा होता है। इसमें सुधार करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सर्वे किया था। यहां सात किमी की पहाड़ी सड़क के खतनाक मोड़ हैं। यहां सड़क के दोनों तरफ सोल्डर पर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इससे वाहनों को निकलने में आसानी होगी। विभाग के मुताबिक जून के महीने में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बारिश होने पर पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य प्रभावित नहीं होगा।
सिटी में भी दो करोड़ से लगेंगे पेवर ब्लाक
पचमढ़ी शहर में सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक लगाने की तैयारी की गई है। दो करोड़ की लागत से सड़क सोल्डरों पर ब्लॉक लगाए जाएंगे। बताया जाता है कि बारिश के दौरान पचमढ़ी शहर की कई सड़कों की हालत खराब है। यहां बारिश के दौरान वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।
इनका कहना है
पचमढ़ी के महादेव मार्ग और सिटी में 3.50 करोड़ की लागत से पेवर ब्लॉक लगाने हैं। इसके लिए टेंडर हो गए हैं। जून के महीने से काम शुरू हो जाएगा। पेवर ब्लॉक लगने से श्रद्धालुओं का सफर सुरक्षित होगा।
कैलाश गुर्दे, उपयंत्री लोक निर्माण विभाग पचमढ़ी