5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नर्मदा तटों पर गूंजा हर हर महादेव, आस्था की डुबकी लगाई और मेले का आनंद लिया

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बरमान यानी ब्रह्मांड घाट में मकर संक्रांति के अवसर पर डुबकी लगाने के लिए पड़ोसी जिलों सागर, दमोह आदि से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे।

2 min read
Google source verification
narsinghpur barman mela

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बरमान यानी ब्रह्मांड घाट में मकर संक्रांति के अवसर पर डुबकी लगाने के लिए पड़ोसी जिलों सागर, दमोह आदि से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे।

नरसिंहपुर.मकर संक्रांति के पावन पर्व पर जिले भर के नर्मदा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नर्मदा के प्रमुख घाट बरमान, केरपानी, महादेव पिपिरया,चिनकी उमरिया, लिंगा घाट, गोटेगांव के झांसी घाट, गाडरवारा के ककरा घाट, सोकलपुर एवं झीकोली घाट में सुबह से ही श्रद्धालु नर्मदा में डुबकी लगाने पहुंच गए थे। आसपास के गांव के लोग रात में ही नर्मदा घाटों पर पहुंच गए थे।
बरमान पहुंचे सबसे अधिक श्रद्धालु, दूसरे जिलों से आए डुबकी लगाने
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बरमान यानी ब्रह्मांड घाट में मकर संक्रांति के अवसर पर डुबकी लगाने के लिए पड़ोसी जिलों सागर, दमोह आदि से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे। यहां मकर संक्रांति का एक माह का मेला लगने के कारण भारी चहल पहल रही। लोगों ने स्नान, नर्मदा पूजन और मेले का भी आनंद लिया।
पुलिस प्रशासन रहा चौकस
बरमान में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, यातायात सहित समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर दीपक सक्सेना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया । सीईओ जिला पंचायत केके भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश तिवारी, एसडीएम राजेश शाह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कंट्रोल रूम से रखी निगरानी
मेला स्थल पर पुलिस विभाग द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है। कलेक्टर एवं एसपी ने मेले स्थल की की गतिविधियों का जायजा स्क्रीन पर लिया। पुलिस और मेला समिति के सदस्य लगातार सक्रिय रहे।
गोटेगांव .नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और हर हर नर्मदे का जयघोष कर पुण्य सलिला में डुबकी लगाई। झांसीघाट, मुआरघाट और सांकल घाट पर भारी संख्या में अपने अपने साधनों से लोग पहुंचे । सुबह से ही नर्मदा तट जाने वालों का तांता लगा हुआ था । लोगों के वाहनों का इतना अधिक जमावड़ा रहा कि वाहन रखने करने के लिए जगह कम पड़ गई तो अनेक वाहन सड़क किनारे कतार में खड़े किए गए। तट पर बोवनी कर देने के कारण स्नान करने वालों के लिए तट छोडा पड़ गया था। भक्तों के लिए अनेक लोगों ने भंडारे का आयोजन किया।
भंडारा किया
नर्मदा नदी सांकलघाट गुरु गुफा स्थल पर शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के सानिध्य में आयोजित नर्मदापुराण कथा एवं मुआरघाट में आयोजित श्रीमद रामकथा व शतचंडी यज्ञ का समापन बुधवार को भंडारे के साथ किया गया।
गाडरवारा. क्षेत्र के ककरा घाट सोकलपुर एवं झीकोली घाट में मेले लगाए गए। मेलों में कई प्रकार की दुकानें लगाई गर्इं , झूले आदि भी लगे। जहां बच्चे आनंद लेते देखे गए, लोगों ने नर्मदा किनारे भरता बाटी बनाकर पिकनिक का आनंद भी लिया । स्नान के उपरांत भिक्षुक एवं परिक्रमा वासियों को तिल के लड्डू एवं खिचड़ी का दान किया । प्रात: काल से ही नर्मदा जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही वहीं शाम होने तक वापस लौटने वाले लोगों की भीड़ रही जिसे जो साधन मिला वह उसी से नर्मदा पहुंचा। भटेरा थरेरी, कोठिया लिंगा, सोकलपुर, नीलकुण्ड, सोना दाहर रिछावर पिटरास झीकोली आदि तटों पर स्थानीय मन्दिरो में भी पूजन अर्चन किया गया। पूरे क्षेत्र में धर्ममय वातावरण बना रहा
यहां आए करीब इतने श्रद्धालु

बरमान घाट- एक लाख
झांसी घाट- ३० हजार
चिनकी उमरिया-१० हजार
केरपानी-८ हजार
मुआर घाट-५ हजार
सांकल घाट-१५ हजार
ककरा घाट- १८ हजार
सोकलपुर-५ हजार
झीकोली घाट-१२ हजार
महादेव पिपरिया-१० हजार