19 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Amit Shah: दिल्ली में नहीं खुलेगा आम आदमी पार्टी का खाता, अमित शाह ने किया दावा

Amit Shah on Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि मैंने तो पहले भी कहा था कि केजरीवाल जहां-जहां प्रचार करने जाएंगे, वहां लोगों को उनकी जगह शराब की एक बड़ी बोतल दिखाई देगी।

2 min read
Google source verification

Amit Shah on Arvind Kejriwal: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। जबकि, आम आदमी पार्टी और इंडी गठबंधन का खाता भी नहीं खुलेगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि मैंने तो पहले भी कहा था कि केजरीवाल जहां-जहां प्रचार करने जाएंगे, वहां लोगों को उनकी जगह शराब की एक बड़ी बोतल दिखाई देगी। शराब घोटाला उनके पल्ले चिपकता ही रहेगा। अगर केजरीवाल के जेल जाने का असर पड़ना होता तो ये सबसे ज्यादा दिल्ली में दिखता। अब दिल्ली के चुनाव हो चुके हैं। मैं अब आपको बता सकता हूं कि दिल्ली में सात की सात सीटें भारतीय जनता पार्टी अच्छे बहुमत के साथ जीतकर आ रही है। दिल्ली में एक भी सीट पर आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुलेगा।

Bhagwant Mann पर क्या बोले Amit Shah

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक एटीएम हैं? इस सवाल पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी का अल्प समय में कामकाज करने का तरीका रहा है, उसमें इन पर दिल्ली में कई आरोप लगे हैं। पंजाब एक पूर्ण राज्य है, जबकि दिल्ली एक यूटी है। पंजाब में ज्यादा अवकाश होता है। भगवंत मान का रोल सिर्फ अरविंद केजरीवाल के साथ दुनिया भर में घूमने का है। जिसका बिल पंजाब सरकार चुकाती है।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "पहली बार 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के नारे के साथ निकली, तब भी दिल्‍ली के सभी राजनीतिक पंडितों का यह आकलन था कि ये हो नहीं सकता। मगर हमें पूर्ण बहुमत मिला। साल 2019 में हम 300 प्‍लस सीटों के नारे के साथ निकले, तब भी लोग कहते थे कि ये नहीं हो सकता है। आज भी लोग कह रहे हैं। मुझे लगता है कि अगले चुनाव में लोग सब सच मानेंगे, क्योंकि इस बार 400 पार होने वाला है।"

लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस बार हम पश्चिम बंगाल में भी अच्छी खासी बढ़ोतरी करेंगे। हमें वहां 24 से 30 सीटें मिल सकती हैं। ओडिशा में 17 लोकसभा और 75 विधानसभा सीट जीतने का हमारा लक्ष्य तय है। तेलंगाना में भी हम 10 के आसपास सीटें जीतेंगे। आंध्र प्रदेश में हमारे गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और यहां पर भी बड़ी संख्या में एनडीए लोकसभा सीटें निकालने जा रही है। हम पूर्व जोन में बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में सबसे बड़ा दल बनकर निकलेंगे और दक्षिण के पांच राज्यों में कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में भाजपा सबसे ज्यादा सीटें जीतने जा रही है।