2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अनीश कपूर लगातार पांचवें साल सबसे कामयाब भारतीय कलाकार

इंडिया आर्ट लिस्ट 2023 : अर्पिता सिंह दूसरे और जोगेन चौधरी तीसरे नंबर पर, 91 करोड़ रहा टर्नओवर, सबसे महंगी कलाकृति 9.27 करोड़ में बिकी

2 min read
Google source verification
अनीश कपूर लगातार पांचवें साल सबसे कामयाब भारतीय कलाकार

अनीश कपूर लगातार पांचवें साल सबसे कामयाब भारतीय कलाकार

नई दिल्ली. लंदन में रह रहे शिल्पकार अनीश कपूर सबसे ज्यादा कमाई करने वाले भारतीय कलाकार हैं। हुरून रिसर्च इंस्टीट्यूट की इंडिया आर्ट लिस्ट 2023 में भारत के 50 सबसे कामयाब कलाकारों में वह शीर्ष पर हैं। लिस्ट के मुताबिक उनका टर्नओवर 91 करोड़ रुपए रहा। उनकी सबसे महंगी कलाकृति 9.27 करोड़ रुपए में बिकी। यह लगातार पांचवां साल है, जब इंडिया आर्ट लिस्ट में 69 साल के अनीश कपूर शीर्ष पर हैं।

लिस्ट 31 जुलाई, 2023 को पूरे हुए साल के दौरान भारतीय कलाकारों की नीलामी में बिकीं कलाकृतियों के आधार पर तैयार की गई। इसमें चित्रकार अर्पिता सिंह 24.71 करोड़ रुपए के टर्नओवर के साथ दूसरी नंबर पर रहीं। उनकी सबसे महंगी कलाकृति 11.32 करोड़ रुपए में बिकी। पेंटर जोगेन चौधरी तीसरे नंबर पर हैं। उनका टर्नओवर 19.76 करोड़ रुपए रहा। उनकी सबसे महंगी कलाकृति 4.40 करोड़ रुपए में नीलाम हुई। वडोदरा के पेंटर, कवि और कला समीक्षक गुलाम मोहम्मद शेख 17.88 करोड़ रुपए के टर्नओवर के साथ चौथे नंबर पर हैं। शीर्ष 10 भारतीय कलाकारों में कृष्ण खन्ना, शक्ति बर्मन, राघव बब्बर, रामेश्वर बरूता, अंजू डोडिया और सुबोध गुप्ता शामिल हैं।

कलाकृतियां ब्रिटेन और शिकागो के पार्क में

मुंबई में 1954 में जन्मे अनीश कपूर 1972 में ब्रिटेन चले गए थे। वह समय-समय पर भारत का दौरा करते रहते हैं। उन्हें 11 सितंबर, 2001 को वल्र्ड ट्रेड सेंटर पर हमलों में मारे गए ब्रिटिश लोगों की याद में स्मारक बनाने का काम सौंपा गया। वह विशालकाय और अद्भुत कृतियां बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी कुछ कलाकृतियां ब्रिटेन के टेट मॉडर्न टर्बाइन हॉल और शिकागो के मिलेनियम पार्क में रखी हुई हैं।

2018-19 में बिकी थीं 102 कलाकृतियां

अनीश कपूर की 2018-19 में 102 कलाकृतियां बिकी थीं, जिनकी कीमत 168.25 करोड़ रुपए थी। शिल्प कला में महारत के लिए उन्हें 1991 में टर्नर पुरस्कार से नवाजा गया। अनीश कपूर ने कई आकाश दर्पण बनाए। इनमें से पहला ब्रिटेन के नॉटिंघम में प्रदर्शित किया गया। उनका कहना है कि अपनी किसी कलाकृति को यहां प्रदर्शित करना डिज्नीलैंड में प्रदर्शित करने जैसा है।

Story Loader