Kurhani Assembly Bypoll राजद उम्मीदवार अनिल कुमार सहनी को अयोग्य घोषित करने के बाद बिहार के कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के लिए 5 दिसंबर को वोट पड़ेंगे। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव से भाजपा ने केदार प्रसाद गुप्ता और जदयू ने पूर्व मंत्री मनोज कुशवाह को उतारा है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के लिए 5 दिसम्बर को मतदान होगा। और आठ दिसम्बर को कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बाद रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। एनडीए से दूसरी बार नाता तोड़ने के बाद बिहार सीएम नीतीश कुमार का यह पहला चुनाव होगा जहां उनकी पार्टी जदयू का भाजपा से सीधा मुकाबला होगा। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव लालू यादव की पार्टी राजद के विधायक अनिल कुमार सहनी को अयोग्य घोषित होने के बाद हो रहा है। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव से भाजपा ने केदार प्रसाद गुप्ता और जदयू ने पूर्व मंत्री मनोज कुशवाह को उतारा है।
वे (भाजपा) अकेले रह गए हैं - नीतीश कुमार
कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव बिहार सीएम नीतीश कुमार के लिए बेहद अहम है। शुक्रवार को नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने यहां एक संयुक्त रैली की। नीतीश कुमार ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, अन्य सभी दल साथ आ गए हैं और वे (भाजपा) अकेले रह गए हैं। उनके नेता, जो अपनी ही पार्टी में दरकिनार कर दिए गए हैं, हमें निशाना बनाकर अपनी किस्मत चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
लालू ने कहा, महागठबंधन जीत हासिल करेगा - तेजस्वी यादव
भाजपा पर तंज कसते हुए डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहाकि, पार्टी को 2024 की लड़ाई हारने का डर सता रहा है। तेजस्वी यादव कहाकि, पांच दिसम्बर को जिस दिन वोटिंग होगी, उसी दिन लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट होगा। उन्होंने कहाकि, महागठबंधन जीत हासिल करेगा।
कुढ़नी विधानसभा के बारे में जानें
कुढ़नी विधानसभा के बारे में जानें। साल फरवरी 2005, अक्टूबर 2005 और साल 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में जदयू को जीत मिली थी। इन चुनावों में भाजपा और जदयू हमसफर थे। साल 2015 में हुए चुनाव में यह सीट भाजपा को मिली। 2020 में राजद उम्मीदवार मामूली अंतर से यह सीट जीत गए। अब उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है।