Bihar Politics: बिहार चुनाव की तैयारियों के बीच राजद और तेजस्वी यादव को बड़ा झटका लगा है। राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद पीताम्बर पासवान की बहू प्रीति राज ने बीजेपी का दामन थाम लिया।
Preeti Raj BJP Bihar 2025 Elections: बिहार में इस साल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एक और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव महागठबंधन को एकजुट करने में जुटे हुए हैं, वहीं उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल बिखरती नजर आ रही है। चुनाव की तैयारियों के बीच तेजस्वी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद पीतांबर पासवान की पुत्रवधू प्रीति राज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
पटना स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने फूलों का गुलदस्ता देकर प्रीति राज का स्वागत किया। प्रीति राज के बीजेपी में शामिल होने पर जायसवाल ने कहा कि हमेशा जनता के कल्याण, राष्ट्र के प्रति समर्पित बीजेपी परिवार में लोगों की आस्था हर दिन बढ़ रही है।
दिलीप जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद स्व. पीताम्बर पासवान जी की पुत्रवधू श्रीमती प्रीति राज सोनी को आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई और उनका भाजपा परिवार में हार्दिक स्वागत किया। भारतीय जनता पार्टी सदैव जनता के कल्याण और राष्ट्र के विकास को समर्पित रही है। भाजपा परिवार से जुड़कर आप भी राष्ट्र एवं बिहार के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देंगी, यही आशा है।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रीति राज का बीजेपी में आना, आरजेडी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि बीजेपी प्रीति राज कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। प्रीति राज के पास भी खुद को साबित करने का मौका और समय है। इस साल का चुनाव न केवल स्थानीय नेताओं के लिए बल्कि राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।