
बीजेपी (Photo - ANI)
बीजेपी (BJP) जेन-ज़ी (Gen-Z) तक पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष आउटरीच टीम का गठन करने जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin), महामंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) और विनोद तावड़े (Vinod Tawde) के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी (Harsh Sanghavi) और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी (OP Chaudhary) समेत कई नेताओं को इस खास टीम में शामिल किया गया है।
जेन-ज़ी तक पहुंच बढ़ाने के लिए बीजेपी एक कार्यक्रम भी चलाएगी। इस कार्यक्रम के तहत बीजेपी जेन-ज़ी और युवाओं की आकांक्षाओं, चिंताओं और अपेक्षाओं को समझने का काम करेगी, जिससे पार्टी और युवाओं में बेहतर तालमेल बने। इसके साथ ही जेन-ज़ी को बीजेपी नेताओं के साथ सीधे संवाद का मंच दिया जाएगा। कार्यक्रम के प्रारूप, स्थान और तारीखों की घोषणा जल्द होने की संभावना है।
हाल ही में बीजेपी ने अपनी सोशल मीडिया टीम भी बदल दी। करीब 11 साल से पार्टी का सोशल मीडिया संभाल रहे अमित मालवीय (Amit Malviya) की जगह अब दीपक म्हस्के (Deepak Mhaske) की पांच सदस्यीय टीम को ज़िम्मेदारी दी गई है। हाल ही में हुए जेन-ज़ी प्रदर्शनों के दौरान इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और शॉर्ट वीडियो के ज़रिए बने नैरेटिव ने भी पार्टी के सामने नई चुनौती रखी है। ऐसे में नई सोशल मीडिया टीम इन लोगों तक पार्टी का संदेश पहुंचाने के साथ जेन-ज़ी को एंगेज करने, उनसे संवाद कायम करने और तेजी से बदलते डिजिटल नैरेटिव को समझकर उस पर प्रतिक्रिया देने का भी काम करेगी, जिससे जेन-ज़ी तक पहुंच को बढ़ाने में मदद मिल सके। जेन-ज़ी को साधने के लिए रील्स, मीम्स और हल्के-फुल्के कंटेंट के साथ राजनीतिक संदेश जोड़ना होगा। एक्स (ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म्स के लिए अलग-अलग रणनीति पर काम किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में बीजेपी सोशल मीडिया नैरेटिव में पिछड़ गई। ऐसे में जेन-ज़ी की बदलती डिजिटल पसंद के साथ कदमताल बैठाने के लिए बीजेपी अपनी रणनीति भी बदल रही है। सोशल मीडिया के ज़रिए पार्टी की योजनाओं और उनके फायदों को जनता तक पहुंचाना भी बीजेपी के लिए अहम होगा, क्योंकि इससे जेन-ज़ी के साथ कनेक्टिविटी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Updated on:
23 Aug 2026 02:38 am
Published on:
23 Aug 2026 02:38 am
