BSF role in Operation Sindoor: बीएसएफ की महिलाकर्मियों ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मजबूती से मोर्चा लिया और आतंकियों को भारतीय सीमा से खदेड़ दिया।
India Pakistan Tension: पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के दौरान बीएसएफ की महिला कर्मियों (BSF) ने भी अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई लड़ी और पाकिस्तान की घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर दिया। इस लड़ाई की आड़ में पाकिस्तान 40 से 50 आतंकियों की घुसपैठ कराना चाहता था लेकिन बीएसएफ की महिला कर्मियों की बहादुरी के आगे लौटना पड़ा। यह जानकारी मंगलवार को बीएसएफ के आइजी शशांक आनंद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
शशांक ने कहा कि हमारी बहादुर महिला कर्मियों, सहायक कमांडेंट नेहा भंडारी ने एक अग्रिम चौकी की कमान संभाली। कांस्टेबल मंजीत कौर, कांस्टेबल मलकीत कौर, कांस्टेबल ज्योति, कांस्टेबल सम्पा और कांस्टेबल स्वप्ना और अन्य ने इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ अग्रिम चौकियों पर लड़ाई लड़ी। इस दौरान बीएसएफ ने एक वीडियो भारी जारी किया, जिसमें बीएसएफ को आतंकी ठिकानों के तबाह करते हुए दिखाया गया है।
आईजी आनंद ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सांबा में बीएसएफ चौकियों पर ड्रोन हमले और गोलाबारी में हमने बीएसएफ के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज, कांस्टेबल दीपक कुमार और भारतीय सेना के नायक सुनील कुमार को खो दिया। उन्होंने कहा कि हम अपनी दो पोस्ट का नाम अपने खोए हुए कर्मियों के नाम पर रखने का प्रस्ताव भेज रहे हैं वहीं एक पोस्ट का नाम 'सिंदूर' रखने का प्रस्ताव भेज रहे हैं।
बीएसएफ ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल हथियारों का भी प्रदर्शन किया। इस दौरान एंटी-मटेरियल राइफल 'विध्वंसक' का प्रदर्शन किया। 'विध्वंसक' की रेंज 1300 से 1800 मीटर है। इसके जरिए ही ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी टावरों और बंकरों को नष्ट किया गया था।