
Chandrayaan-3 की सफल लैंडिंग के बाद PM मोदी ने मिलाया ISRO चीफ को फोन, क्या-क्या कहा वीडियो में देखिए
PM Modi Modi Called ISRO chief S Somnath Chandrayaan 3 : इसरो के मून मिशन चंद्रयान 3 को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चंद्रयान-3 चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक पहुंच गया है। देश के हर कोने से इस मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना और दुआ की जा रही थी। आज हर भारतवासी की धड़कन लैंड होने के बाद तक जोर-जोर से धड़क रही थी। देश ही नहीं, दुनियाभर के करोड़ों लोगों की नजरें चंद्रयान-3 की लैंडिंग पर टिकी हुई थीं, लेकिन जैसे ही तय समय पर विक्रम लैंडर चांद की सतह पर उतरा, सभी लोगों की हर तरफ जश्न का माहौल हो गया। चंद्रयान की लैंडिंग के दौरान पीएम मोदी भी दक्षिण अफ्रीका से वर्चुअल तरीके से लाइव जुड़े थे और सफल लैंडिंग के बाद ISRO Chief S Somnath को फ़ोन करके बधाई दी। पीएम मोदी द्वारा एस सोमनाथ को किए गए फोन का वीडियो सामने आया है जो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
पीएम ने इसरो चीफ से क्या कहा
इसरो चीफ सोमनाथ को फोन करके पीएम मोदी ने कहा "आपका नाम भी सोमनाथ है और यह नाम चंद्र से जुड़ा हुआ है। इसलिए आपके परिवार वाले भी काफी आनंदित होंगे। मेरी ओर से आपको और आपकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। सभी को मेरी ओर से अभिनंदन कह दीजिए। हो सके, उतना जल्दी ही रूबरू में भी बधाई दूंगा। बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बहुत-बहुत बधाई।" इससे पहले पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा "यह ऐतिहासिक क्षण है और विकसित भारत का बिगुल बज चुका है। हम नए भारत की नई उड़ान के साक्षी हैं, नया इतिहास लिखा जा चुका है।"
उन्होंने आगे कहा, ''मैं भले ही दक्षिण अफ्रीका में हूं, लेकिन मेरा दिल हर समय चंद्रयान मिशन के साथ रहा। इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए मैं इसरो, इसके वैज्ञानिकों को तहेदिल से बधाई देता हूं। चंद्रमा के इस हिस्से पर अब तक कोई और देश उतरने में सफल नहीं रहा है, इससे चांद के बारे में सारे किस्से-कहानियां बदल जाएंगी। भारत ने भविष्य के लिए नए, महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं।'' पीएम मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि "भारत का सफल चंद्र मिशन केवल भारत का नहीं है, हमारी 'एक पृथ्वी, एक परिवार,एक भविष्य' की सोच पूरी दुनिया में गूंज रही है।"
यह भी पढ़ें: चांद पर लहराया भारत का तिरंगा, चंद्रयान-3 की हुई सफल लैंडिंग, पूरे देश में जश्न
यह भी पढ़ें: चांद पर पहुंचते ही चंद्रयान ने भेजा संदेश, 'मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया और आप भी'
Published on:
23 Aug 2023 08:21 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
