Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 124 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कनकपुरा से प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार चुनाव लड़ेंगे। वहीं वरुणा से पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को टिकट दी गई है।
Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने इस सूची में 124 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और दिग्गज नेता डीके शिवकुमार का नाम शामिल है। पूर्व सांसद राहुल गांधी ने 20 मार्च को बेलगावी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। पूर्व सांसद ने कहा कि आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।
वरुणा सीट से चुनाव लड़ेंगे सिद्धारमैया
पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया वरुणा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, डी के शिवकुमार कनकपुरा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा, मंगलोर से यूटी अब्दुल खादर अली फरीद। श्रृंगेरी से टीडी राजगौड़ा, शिवाजी नगर से रिजवान इरशदए, गांधीनगर से दिनेश राव, विजय नगर से एम कृष्णम्प्पा और बेल्लारी आरक्षित सीट से बी नागेंद्र को टिकट दिया गया है।
कांग्रेस को एक बार फिर कर्नाटक में वापसी की उम्मीद
कर्नाटक में कुल 224 विधानसभा सीटें हैं। कर्नाटक की सत्ता पर फिलहाल बीजेपी काबिज है। कांग्रेस एक बार फिर कर्नाटक सरकार में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, लेकिन बहुमत से दूर रह गई थी। इसके बाद कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन ने राज्य में सरकार बनाई थी। ये सरकार 5 साल तक नहीं चल सकी थी।
ग्रेजुएट्स बेरोजगार को देंगे तीन हजार हर महीने
पूर्व सांसद राहुल गांधी ने 20 मार्च को बेलगावी में एक चुनावी जनसभा मे भाजपा पर जमकर हमला बोला था। राहुल ने एलान करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बेरोजगारी को कम करने के लिए कुछ नहीं कर रही है, इसलिए कांग्रेस पार्टी हर ग्रेजुएट्स बेरोजगार को 2 साल तक हर महीने तीन हजार रुपये की राशि देगी।डिप्लोमा होल्डर्स को 2 साल तक हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे।