
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला (Photo-ANI)
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्लाह (Farooq Abdullah) ने मंगलवार को श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। इसके बाद वे कटरा से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Train) में सवार होकर श्रीनगर लौटे। इस दौरान उन्होंने ट्रेन की सुविधाओं और इसके महत्व की जमकर सराहना की। श्रीनगर पहुंचने पर फारूक अब्दुल्लाह ने कहा, "हमारा बहुत अच्छा सफर रहा। इस रेल की बहुत मेहरबानी है। इससे हमारा पर्यटन और कारोबार बढ़ेगा। अब हमारे लोग भारत के किसी भी हिस्से में आसानी से जा सकते हैं। मैं ईश्वर को धन्यवाद देता हूं और उस व्यक्ति को भी, जिसने हमें यह ट्रेन दी।" इस वीडियो में साफ़ देखा जा रहा है कि फारूक अब्दुल्लाह भाजपा या PM का सीधा नाम लिए बिना ही धन्यवाद किया।
फारूक अब्दुल्लाह ने इस रेल सेवा को जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए गेमचेंजर करार दिया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन न केवल तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाजनक है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी लाएगी।
वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोड़कर) चलती है। सुबह 8:10 बजे कटरा से रवाना होने वाली ट्रेन बनिहाल में रुकते हुए 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचती है। दूसरी ट्रेन दोपहर 2:55 बजे कटरा से चलकर शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचती है। चेयर कार का किराया 715 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1320 रुपये है।
इस ट्रेन ने चिनाब ब्रिज जैसे इंजीनियरिंग चमत्कार को भी दुनिया के सामने लाया है, जो दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह रेल सेवा जम्मू-कश्मीर को रणनीतिक और आर्थिक रूप से और सशक्त बनाने में योगदान दे रही है।
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 6 जून, 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। यह ट्रेन कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है। ट्रेन मात्र तीन घंटे में कटरा से श्रीनगर का सफर पूरा करती है, जो पहले सड़क मार्ग से 6-7 घंटे में तय होता था।
Updated on:
11 Jun 2025, 2:14 PM IST
Published on:
11 Jun 2025, 1:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.