
Bus Accident In Gujarat
Gujarat Bus Accident: गुजरात के डांग जिले में आज, 02 फरवरी को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सापुतारा हिल स्टेशन के निकट रविवार तड़के तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी लक्जरी बस गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य 17 घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक एसजी पाटिल ने बताया, "पांच तीर्थयात्रियों की मौत के अलावा 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को अहवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है।" उन्होंने बताया कि बस दुर्घटना उस समय हुई, जब ये महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 40 तीर्थयात्रियों को लेकर गुजरात के द्वारका की ओर जा रही थी। जानकारी के अनुसार, यात्री 23 दिसंबर से धार्मिक यात्रा पर थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस में 40 से अधिक तीर्थयात्री सवार थे। बस क्रैश बैरियर तोड़कर करीब 35 फीट गहरी खाई में जा गिरी। अधिकारी ने बताया कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतको में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। प्रभारी पुलिस अधीक्षक एसजी पाटिल ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 4-4:30 बजे के आसपास सापुतारा हिल स्टेशन के पास हुई। चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस गहरी खाई में जा गिरी।
अधिकारी ने बताया कि तीर्थयात्री मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी और अशोक नगर जिलों के थे। पुलिस अधिकारी ने कहा, "उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों का दौरा करने के बाद, पिछली बार एक दो दिन पहले तीर्थयात्री शिरडी, त्र्यंबकेश्वर, नासिक का दौरा करके वापस आ रहे थे। रविवार सुबह गुजरात के हिल स्टेशन सापुतारा में रुके। उन्होंने चाय पी और फिर 10 मिनट के बाद तीन से चार किलोमीटर के अंदर ही उनकी बस एक गहरी खाई में जा गिरी।"
Published on:
02 Feb 2025 04:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
