
गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होनी है, जिसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत सत्ताधारी भाजपा ने भी अपना तूफानी प्रचार शुरू कर दिया है, जिसके लिए आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सहित कई बड़े नेता गुजरात पहुंचे हैं। ये सभी नेता गुजरात के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
गुजरात के मांगरोल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि "अगर गुजरात दंगा मुक्त है तो यह BJP की सरकार और PM मोदी के कारण हुआ है। मोदी सरकार ने पूरे देशभर में एक ही मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयासों से देश को आगे बढ़ाने का काम किया है।" इसके साथ उन्होंने कहा कि "गुजरात का विकास मतलब भारत का विकास है। गुजरात जितना आगे बढ़ेगा भारत भी उतना आगे बढ़ेगा।"
राहुल गांधी के बयान पर भड़के अनुराग ठाकुर
बीते दिन गुरुवार को राहुल गांधी ने वीर सावरकर को अंग्रेजों का गुलाम बताया है, जिसको लेकर अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर जमके निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ भारत जोड़ो यात्रा करने वाले राहुल गांधी कभी हिंदु आतंकवाद की बात करते थे। कभी वह JNU में भारत के टुकड़े-टुकड़े करने वालों के साथ खड़े नजर आते थे और अब वे वीर सावरकर पर सवाल उठा रहे हैं। ये कांग्रेस की मानसिकता है, ये एक परिवार से आगे बढ़कर न कुछ देख पाई है और न देख पाएगी।"
यह भी पढ़ें: वीर सावरकर की चिट्ठी दिखाकर बोले राहुल गांधी- अंग्रेजो के डर से गांधी और सरदार पटेल को दिया धोखा
वीर सावरकर का अपमान देश सहन नहीं करेगा: शिवराज सिंह चौहान
गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार पर पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि "कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल रंगीन सपने दिखाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन देश और गुजरात जानता है कि PM मोदी कल्पवृक्ष हैं। अरविंद केजरीवाल बबूल के पेड़ हैं उनसे केवल कांटे मिलेंगे और राहुल गांधी खरपतवार हैं। इनसे विकास नहीं होगा।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वीर सावरकर का अपमान देश सहन नहीं करेगा। कांग्रेस ने केवल एक परिवार यानी नेहरू परिवार पर ध्यान केंद्रित किया है।
यह भी पढ़ें: असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को बताया देशद्रोही व हिंदू विरोधी, कहा- उन्हें भारत के इतिहास का नहीं है ज्ञान
Updated on:
18 Nov 2022, 6:52 PM IST
Published on:
18 Nov 2022, 2:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.