26 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Exit Poll 2024 : एग्जिट पोल में मोदी सरकार की वापसी तय, एनडीए को 366, इंडिया को 144 सीट

Exit Poll 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 मतदान समाप्त, अटकलें शुरू। अब नजरें 4 जून पर। पोल ऑफ पोल्स में एनडीए को 366, इंडिया को 144 सीट। केरल में 27 फीसदी वोट के साथ भाजपा रख सकती है मील का पत्थर।

2 min read
Google source verification

Exit Poll 2024 : अठारहवीं लोकसभा के लिए करीब ढाई महीने तक चली मतदान प्रक्रिया शनिवार को सांतवें और अंतिम चरण की वोटिंग की साथ ही संपन्न हो गई। इस चरण में आठ राज्य व केंद्रशासित प्रदेश की 57 सीट पर औसतन 61 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ। इसके साथ ही मतदान के बाद किए गए सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) के नतीजों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म गया। ज्यादातर सर्वेक्षण में भाजपा और उसके नेतृत्व वाले एनडीए के भारी बहुमत से लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का अनुमान व्यक्त किया गया है। यानी फिर एक बार मोदी सरकार के ही संकेत हैं। कांग्रेस व उसके सहयोगियों का इंडिया समूह कहीं भी टक्कर में दिखाई नहीं दे रहा है। हालांकि यह भी सच है कि एग्जिट पोल हमेशा सही साबित नहीं हुए हैं। अब देश की नजरें चार जून पर टिक गई हैं जब मतगणना के बाद वास्तविक नतीजे सामने आएंगे।

राजग को 371 से 401 सीट मिलने संभावना

टुडेज चाणक्य और इंडिया टीवी इन दोनों के एग्जिट पोल में एनडीए को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुमान के अनुसार 400 के पार सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। टुडेज चाणक्य ने एनडीए को 400 सीट और इंडिया टीवी ने राजग को 371 से 401 सीट मिलने संभावना जताई गई है। इन दोनों ने इंडिया समूह को क्रमशः 107 और 109 से 139 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। अन्य को क्रमशः 36 और 28 से 38 सीट मिलने की बात कही गई है।

टीवी चैनलों के सर्वेक्षणों के आधार पर भाजपा को 305 सीट

टीवी चैनलों और विभिन्न एजेंसियों मिलकर किए गए इन सर्वेक्षणों के आधार पर एनडीटीवी के पोल ऑफ पोल्स में एनडीए को 366, इंडिया समूह को 144 और अन्य को 33 सीट मिलने की बात कही गई है। इसमें भाजपा को अकेले 305 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है जो उसके पिछली बार के 303 के आंकड़े से अधिक है। वहीं कांग्रेस को अकेले 64 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

हिंदीभाषी राज्यों में झटके लगने के संकेत

हालांकि, कुछ एग्जिट पोल में बिहार, राजस्थान और हरियाणा जैसे हिंदीभाषी राज्यों में झटके लगने के संकेत हैं। पश्चिम बंगाल मेें भाजपा अच्छी पैंठ बनाती दिख रही है। एक्सिस-माइ इंडिया के अनुसार, भाजपा केरल में 27 फीसदी वोट शेयर हासिल करती दिख रही है। ऐसा होना इस वामपंथी राज्य में दक्षिणपंथी भाजपा के लिए मील का पत्थर हो सकता है। तमिलनाडु में भी भाजपा एक-दो सीट के साथ खाता खोल सकती है। कर्नाटक में एनडीए पूरी तरह स्वीप करने की स्थिति में दिख रही है।

जेपी नड्डा और मल्लिकार्जुन ने किए दावे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मतदान संपन्न होने के बाद दावा किया उनकी पार्टी 370 से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस चुनाव में भाजपा 370 से अधिक सीटें जीतेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया समूह की बैठक के बाद दावा किया कि उनका गठबंधन 295 से ज्यादा सीट जीतेगा। कांग्रेस मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने एग्जिट पोल के अनुमानों पर कहा, 'जिस व्यक्ति को चार जून को एग्जिट होना है, उसने एग्जिट पोल मैनेज किया है।'

यह भी पढ़ें- Meat Ban in 7 indian cities: भारत के वो 7 शहर, जहां नहीं मिलता नॉनवेज, जानिए वजह

यह भी पढ़ें- Bank Fraud : सरकारी से ज्यादा प्राइवेट बैंक में सुरक्षित है आपका पैसा, जानिए कैसे RBI की नई रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

यह भी पढ़ें- Change Rule : अब पैन वेरिफिकेशन के बिना डाकघर में नहीं कर पाएंगे निवेश, जानिए नए नियम