2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Heatwave Death: गर्मी ने ली 100 से ज्यादा लोगों की जान, आग बरसा रहा आसमान, 73 साल बाद सबसे लंबी हीटवेव

Heatwave Alert: मानसून (Monsoon) की सुस्ती से जल्द राहत के आसार नहीं है। कई राज्यों में पारा 45 से 46 डिग्री के पार हो चुका है। गर्मियों के मौसम में हीटस्ट्रोक(Heat stroke) के 40,000 से ज्यादा केस देशभर में सामने आए हैं। अभी तक देशभर में 100 से ज्यादा लोगों की हीटवेव (Heatwaves) से जान गई है।

3 min read
Google source verification
heat waves update

Heatwaves in India: देश के कई हिस्सों में पिछले एक महीने से अधिक समय से लगातार भीषण गर्मी प्रकोप जारी है। देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों का पचास फीसदी हिस्सा 1951 के बाद लू (Heatwave) के सबसे लंबे मौसम का सामना कर रहा है। मौसम विभाग के पिछले 33 दिन के आंकड़ों के मुताबिक इस बार गर्मी ने सात दशक का रेकॉर्ड तोड़ दिया है। उत्तर-पश्चिम राज्यों के साथ पूर्वोत्तर और हिमालय रीजन के राज्यों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है।

रात के तापमान में भी असामान्य बढ़ोतरी

हीटवेव का प्रकोप लगातार जारी है। मानसून की सुस्ती के कारण राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश के कई इलाके सबसे लंबी गर्मी के मौसम का सामना कर रहे हैं। इस बार रात के तापमान में भी असामान्य रूप से बढ़ोतरी हुई है। लोगों को रात को भी राहत नहीं मिल पा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक एम. महापात्रा का कहना है कि दिन का तापमान बहुत ज्यादा है। इसलिए स्वाभाविक रूप से रातें ठंडी नहीं हो पातीं। अगर अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस के बीच है तो आप रात के तापमान के सामान्य रहने की उम्मीद नहीं कर सकते। कई दिन से गुजरात और मध्यप्रदेश की दक्षिणी सीमा पर अटके मानसून के आगे बढऩे की संभावना बन रही है। आने वाले दिनो में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली ने 12 साल बाद काटी सबसे गर्म रात

दिल्ली में दिन ही नहीं, रात का तापमान भी रेकॉर्ड तोड़ रहा है। बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में जून में 13 साल बाद इतना अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रातरही। इससे पहले 2011 में न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। गर्म रातों से दिन के तापमान पर भी असर पड़ता है। सुबह अधिकतम तापमान जल्दी ऊपर चढ़ जाता है।

हीटवेव का अलर्ट

देश के कई उत्तरी-पश्चिमी और पूर्वी राज्यों में तापमान 45 डिग्री के अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, मध्यप्रदेश के कुछ इलाके, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू के इलाकों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।

जून में औसत से 20 फीसदी कम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक देश में 1 से 18 जून के बीच 64.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जो 80.6 मिमी की लंबी अवधि के औसत (एलपीए) से 20 प्रतिशत कम है। जून से सितंबर तक 4 महीने के मानसून सीजन में औसतन 868.6 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए।

असम में बाढ़ से 26 की मौत

असम में बाढ़ से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य के 15 जिलों में 1.61 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ से प्रभावित 5,114 लोगों ने राहत कैंपों में शरण ली है।

40 डिग्री से ज्यादा पारे से झुलसे...

(उत्तर पश्चिमी राज्यों में 16 मई से 17 जून के आंकड़े)

50 फीसदी : दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब

44 फीसदी : गुजरात

34 फीसदी : उत्तर प्रदेश

-देश का 24 फीसदी हिस्सा पांच सबसे लंबे गर्म अवधि वाले समय में शामिल।

-32 फीसदी हिस्सा 10 सबसे लंबे गर्म अवधि वाले समय में शामिल।

-40 फीसदी हिस्सा 20 सबसे लंबे गर्म अवधि वाले समय में शामिल।

-25 फीसदी से अधिक क्षेत्रों में इस साल अधिकतम दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Story Loader