
Good News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। शुक्रवार को कैबिनेट की मीटिंग में पुलिस कॉन्स्टेबल की भर्ती में 30 प्रतिशत पद आरक्षित करने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही मंत्रीमंडल की बैठक में 1,226 पदों को भरने के लिए संशोधित मंजूरी पर भी मुहर लगी है। इसके अलावा कैबिनेट ने अनाथों और समाज के कमजोर वर्गों तक फायदा पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना में कुछ और बदलावों को मंजूरी दी है। इसके अलावा बाल देखभाल संस्थान को छोड़ देने वाले अनाथों के विवाह के लिए दो लाख रुपये देने का ऐलान किया है।
सीमावर्ती इलाकों में पहुंचेगी बिजली
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई वाले कैबिनेट ने पूह से काजा तक बॉर्डर से सटे इलाकों वाले गांवों को बिजली उपलब्ध कराने के लिए 486.47 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को भी मंजूरी दी है।एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, किन्नौर जिले के सीमा से सटे इलाकों और लाहौल-स्पीति जिले के स्पीति ब्लॉक के 32 गांवों में बिजली के लिए बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए 6.49 करोड़ रुपये की डीपीआर को भी मंजूरी दी गई।
इन विभागों में भी निकाले गए पद
इसके अलावा कैबिनेट ने कृषि विभाग में कृषि विकास अधिकारियों के 40 पद, होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा विभाग में हवलदार प्रशिक्षकों के 10 पदों को मंजूरी दी गई है। वहीं, शिमला में अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज में नेफ्रोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर के दो पद, शिमला में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हड्डी रोग विभाग में सहायक प्रोफेसर के एक पद और मंडी में श्री लाल बहादुर शास्त्री सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ईएनटी विभाग में सहायक प्रोफेसर के एक पद को भरने का भी निर्णय लिया गया है।
Updated on:
01 Dec 2023 08:48 pm
Published on:
01 Dec 2023 08:44 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
