20 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Independence Day 2024: पीएम मोदी ने तोड़ा खुद का रिकॉर्ड, 78वें स्वतंत्रता दिवस पर दिया अब तक का सबसे लंबा स्पीच

Independence Day 2024: 78 वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने लाल किले से एक नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने आज अब तक का सबसे लंबा भाषण दिया।

2 min read
Google source verification
PM modi Longest Speech

Independence Day 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने तीसरी बार जनता का समर्थन पाने के बाद गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लगातार 11वीं बार ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा फहराया। लाल किले की प्राचीर से उन्होंने देशवासियों को संबोधित करते हुए देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने लाल किले से एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने 78 वें स्वतंत्रता दिवस पर अब तक का सबसे लंबा भाषण दिया। पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 98 मिनट तक देशवासियों को संबोधित किया। यानी उन्होंने डेढ़ घंटे से ज्यादा का भाषण दिया। इससे पहले उन्होंने साल 2016 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 96 मिनट का भाषण दिया था। लेकिन आज उन्होंने 98 मिनट का भाषण देकर अपना खुद का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पीएम मोदी का सबसे छोटा संबोधन साल 2017 में था, जब उन्होंने करीब 56 मिनट तक भाषण दिया था।

कब कितने मिनट का भाषण दिया

खास बात ये भी है कि स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का संबोधन अन्य प्रधानमंत्रियों के भाषणों की तुलना में सबसे लंबा रहा है। अगर पीएम मोदी के पिछले भाषणों के समय पर नजर डालें तो साल 2023 में 90 मिनट, 2022 में 83 मिनट, 2021 में 88 मिनट, साल 2020 में 86 का भाषण दिया था। वहीं साल 2019 में 93 मिनट, 2018 में 82 मिनट, 2017 में 56 मिनट, 2016 में 96 मिनट, 2015 में 86 मिनट का संबोधन दिया था। साल 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने 65 मिनट तक देशवासियों को संबोधित किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 11वीं बार देशवासियों को संबोधित किया। इस तरह वो पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। जवाहर लाल नेहरू को 17 और इंदिरा गांधी को 16 बार लाल किले पर तिरंगा फहराने का सम्मान मिला था।

PM Modi बोले- भारत को संकट मत मानिए

लाल किले की प्राचीर से दुनिया भर के देशों को बड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत को संकट मत मानिए। भारत जब पूरे विश्व में समृद्ध देश था तब भी हमने दुनिया को युद्ध नहीं दिया। भारत के इतिहास को समझिए, हमें संकट मत मानिए। पीएम मोदी ने भारत के लोगों के साथ-साथ दुनिया के देशों को भी बड़ा संदेश देते हुए कहा कि चुनौतियां हैं, अनगिनत चुनौतियां हैं, चुनौतियां भीतर भी हैं, चुनौतियां बाहर भी हैं और जैसे-जैसे हम ताकतवर बनेंगे, जैसे-जैसे हमारा तवज्‍जो बढ़ेगा तो चुनौतियां भी बढ़ने वाली हैं।

बाहर की चुनौतियां और बढ़ने वाली हैं और मुझे उसका भलीभांति अंदाज है। लेकिन मैं ऐसी शक्तियों को कहना चाहता हूं कि भारत का विकास किसी के लिए संकट ले करके नहीं आता है। हम विश्‍व में समृद्ध थे तब भी, हमने कभी दुनिया को युद्ध में नहीं झोंका है। हम बुद्ध का देश हैं, युद्ध हमारी राह नहीं है और इसलिए भारत के आगे बढ़ने से विश्व चिंतित न हो, मैं विश्व समुदाय को विश्वास दिलाता हूं।