कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट करके हुए आरोप लगाया है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी से मिलने वालों से IB पूछताछ कर रही है। इसके लिए उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में प्रवेश करने और पहला चरण पूरा करने के एक दिन बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा है कि IB ऐसे कई लोगों से पूछताछ कर रही है,जिन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी से बातचीत की है। इसके साथ ही जयराम रमेश ने ट्वीट में कहा है कि "जासूस हर तरह के सवाल पूछ रहे हैं और उन्हें सौंपे गए ज्ञापन की कॉपीज भी चाहते हैं। यात्रा के बारे में कुछ भी गोपनीय नहीं है लेकिन स्पष्ट रूप से मोदी और शाह(G2) घबराए हुए हैं!"
अभी तक भाजपा की ओर से इस पर कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने IB के द्वारा पूछताछ करने को लेकर गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए और निशाना साधते हुए दो ट्वीट किए हैं। दोनों ही ट्वीट में वहीं आरोप लगाए गए हैं। एक ट्वीट हिंदी में है और एक ट्वीट अंग्रेजी भाषा में किया गया है।
कंटेनर में अनधिकृत लोगों के घुसने का आरोप
कांग्रेस नेता वैभव वालिया ने आज ट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि "23 दिसंबर की सुबह कुछ अनाधिकृत लोग हमारे एक कंटेनर में घुसे और उसमें से निकलते हुए पकड़े गए। मैंने भारत यात्रियों की ओर से सोहना सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। अनौपचारिक रूप से मुझे पता चला है कि वे राज्य के खुफिया अधिकारी थे।" इसके साथ ही उन्होंने थाने में दर्ज कराई हुई शिकायत की कॉपी भी शेयर की है। हालांकि उसमें उन्होंने IB के अधिकारियों का जिक्र नहीं किया है। वैभव वालिया के इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए जयराम रमेश ने इसे डबल इंजन सरकार की गंदी चाल बताई है।
चीन और पाकिस्तान हैं एक साथ, युद्ध हुआ तो...':राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पूर्व सेनिकों के साथ बातचीन में कहा कि चीन और पाकिस्तान एक साथ हैं और भारत के लिए 'सरप्राइज' की योजना बना रहे हैं। अगर कोई युद्ध होगा, तो वह दोनों के खिलाफ होगा। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि "भारत की सीमा की स्थिति अंतरराष्ट्रीय स्थिति से जुड़ी हुई है और सीमा की स्थिति बदल रही है ... हमारे दो दुश्मन हुआ करते थे - चीन और पाकिस्तान और हमारी नीति उन्हें अलग रखने की थी।" इसके अलावा राहुल गांधी ने ग्वादर, बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव का उदाहरण देते हुए कहा कि "अब केवल एक ही मोर्चा है क्योंकि चीन और पाकिस्तान न केवल सैन्य रूप से बल्कि आर्थिक रूप से भी एक साथ हैं।"
भारत की आर्थिक स्थिति 2014 के बाद जा रही नीचे
राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों के साथ बातचीत के दौरान ही कहा कि "चीन की आर्थिक प्रणाली बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है जबकि हमारी आर्थिक स्थिति 2014 के बाद नीचे की ओर जा रही है।"
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी बोले - कोरोना के बहाने भारत जोड़ो यात्रा रोकने की कोशिश, भारत की सच्चाई से डर गए ये लोग