
Kolkata Doctor Rape-Murder Updates : आरजी कार मेडिकल कॉलेज के उस परिसर में बुधवार रात 40-50 लोगों की भीड़ ने तोडफ़ोड़ की, जहां 9 अगस्त को जूनियर डॉक्टर से दरिंदगी हुई थी। इस हंगामे के चश्मदीद डॉ. मृदुल सरकार ने बताया कि उपद्रवी उस जगह जाना चाहते थे, जहां ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या हुई थी। वे संभवत: सबूत नष्ट करने के लिए उस स्थान पर तोडफ़ोड़ करना चाहते थे, लेकिन वे वहां पहुंच सके। उपद्रवी तोडफ़ोड़ करते रहे और वहां मौजूद पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज के एलुमनी रहे डॉ. मृदुल सरकार बुधवार रात अस्पताल में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि कैसे भीड़ अस्पताल में घुसी और वहां संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। मृदुल सरकार ने कहा कि वह रात में वहां छात्रों और डॉक्टरों की ओर से एक विरोध कार्यक्रम में शामिल होने हॉस्पिटल गए थे। इस बीच अचानक बाहर से एक भीड़ अंदर आई और हमला किया। हमलावरों ने अस्पताल के इमरजेंसी गेट को तोड़ दिया। वे इमरजेंसी डिपार्टमेंट में घुस गए, जहां मरीज और नर्स मौजूद थे। भीड़ ने इमरजेंसी डिपार्टमेंट को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।
उपद्रवी ट्रॉमा और स्त्री रोग विभाग में घुस गए और नर्सों- डॉक्टरों को भी धमकाया। डॉ. सरकार ने बताया कि उन्होंने अस्पताल के अंदर इस तरह की गुंडागर्दी कभी नहीं देखी। उनका कहना है कि अस्पताल के पास बलात्कार और हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा था, शायद सत्ताधारी पार्टी समर्थित गुंडों ने डर पैदा करने के लिए उपद्रव किया ताकि आंदोलन गति न पकड़ सके।
एक रेजिडेंट डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल से उन लोगों का एक मार्च प्रस्तावित था। रात को महिला डॉक्टर्स वहां परिसर में एक जगह जुट रही थीं। उन लोगों को यहां से श्याम बाजार तक जाना था, तभी अचानक दर्जनों की संख्या में झुंड अंदर घुस आया। महिला डॉक्टर्स के साथ अभद्रता की। तोडफ़ोड़ करने लगे और इमरजेंसी गेट तोडकऱ अंदर घुस गए। भीड़ ने अस्पताल में मौजूद, मरीज, तीमारदारों, डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ किसी को नहीं छोड़ा। हर किसी के साथ मारपीट की। महिला डॉक्टरों को जान बचाकर भागना पड़ा, कई चोटिल भी हुई हैं। प्रदर्शनस्थल का स्टेज तोड़ दिया गया। कुर्सियां फेंक दीं और हर किसी को धमकी दी गई।
Updated on:
16 Aug 2024 02:19 pm
Published on:
16 Aug 2024 02:18 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
