9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Mamata Banerjee: कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने के वीडियो पर TMC सांसद का बचाव, बोले- ‘ममता बनर्जी ने वही किया जो सही था’

TMC Worker Slap: कोलकाता में विरोध मार्च के दौरान पार्टी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद TMC सांसद सौगत रॉय ने ममता बनर्जी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि ममता अपने कार्यकर्ताओं के बेहद करीब हैं और उनके साथ जो उचित समझें, वह कर सकती हैं।
2 min read
Google source verification
Mamata Banerjee news

ममता बनर्जी(फोटो-IANS)

TMC Crisis: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी का पार्टी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पार्टी उनके बचाव में उतर आई है। TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि ममता बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं के बेहद करीब हैं और उनके साथ जो उचित समझती हैं, वह कर सकती हैं।

सौगत रॉय का यह बयान उस वीडियो के सामने आने के एक दिन बाद आया है, जिसमें ममता बनर्जी को कोलकाता में एक विरोध मार्च के दौरान अपने ही पार्टी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारते हुए देखा गया। यह घटना उस समय हुई जब कार्यकर्ता भीड़ के बीच उनके लिए रास्ता बनाने की कोशिश कर रहा था।

TMC सांसद ने क्या कहा?

सौगत रॉय ने इस विवाद को तूल न देने की बात कही। उन्होंने कहा, 'तो क्या हुआ? ममता बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं के बहुत करीब हैं। वह उनसे स्नेह भी जताती हैं और यह भी उसी का हिस्सा है। ममता बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं के साथ जो चाहें कर सकती हैं।'

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ममता बनर्जी बड़ी संख्या में समर्थकों के बीच पैदल मार्च करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान उनके करीब खड़े एक कार्यकर्ता को वह कुछ क्षण के लिए थप्पड़ मारती दिखाई देती हैं। घटना का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।

BJP ने साधा निशाना

वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने ममता बनर्जी पर हमला बोला। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद ममता बनर्जी मानसिक संतुलन खो चुकी हैं और उन्होंने विरोध मार्च के दौरान अपनी ही पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को मारा।

वहीं, पश्चिम बंगाल बीजेपी महिला मोर्चा की प्रभारी और पार्टी की सोशल मीडिया समन्वयक लक्ष्मी सिंह ने भी वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह ममता बनर्जी के अहंकार को दिखाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो कार्यकर्ता उनके लिए भीड़ हटाकर रास्ता बना रहा था, उसी के साथ सार्वजनिक रूप से ऐसा व्यवहार किया गया।

किस विरोध मार्च के दौरान हुई घटना?

यह घटना TMC की युवा इकाई द्वारा आयोजित विरोध मार्च के दौरान हुई। यह मार्च बारुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले के विरोध में निकाला गया था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ इस रैली की अनुमति दी थी। मार्च दक्षिण कोलकाता के बालीगंज फाड़ी से हाजरा क्रॉसिंग तक निकाला गया। इस दौरान कई स्थानों पर बीजेपी और TMC समर्थकों के बीच झड़प भी हुई। तनाव बढ़ने पर पुलिस को दोनों पक्षों को अलग करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।