Delhi MCD Election 2022 : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव नजदीक आने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में 14 रोड शो करेगी। इन 14 रोड शो में से प्रत्येक का नेतृत्व रविवार को दिल्ली के 14 अलग-अलग जिलों में पार्टी के 14 बड़े नेता करेंगे।
Delhi MCD Election 2022 : दिल्ली में दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव का बिगुल बज चुका है। भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी सहित सभी दलों की ओर से कमर कस ली गई है। बीजेपी एक बार फिर से एमसीडी में वापसी की कोशिश कर रही है। इसके लिए पार्टी ने MCD चुनाव प्रचार में दिग्गजों की फौज उतार दी है। भाजपा आज राष्ट्रीय राजधानी में 14 रोड शो करेगी। इन 14 रोड शो में से प्रत्येक का नेतृत्व रविवार को दिल्ली के 14 अलग-अलग जिलों में पार्टी के 14 बड़े नेता करेंगे। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक रोड शो शाम 4 से 6 बजे तक होगा। भाजपा अधिक से अधिक वोट हासिल करने के लिए क्षेत्रवार समर्पित नेताओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
MCD में एक बार फिर से कमल खिलाने के लिए बीजेपी का मेगा प्लान तैयार हो चुका है। इन पावर-पैक रोड शो का नेतृत्व करने वाले नेताओं में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उत्तराखंड के सीएम सीएम पुष्कर सिंह धामी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- MCD elections : दिल्ली भाजपा ने जारी किया दूसरा वचन पत्र, नया क्या है जानें
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मीनाक्षी लेखी, जितेंद्र सिंह, हरदीप पुरी और गजेंद्र सिंह शेखावत भी इन रोड शो का नेतृत्व करेंगे। रविवार को होने वाले रोड शो में पार्टी सांसद रमेश बिधूड़ी, गौतम गंभीर, मनोज तिवारी, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और दिनेश लाल यादव भी शामिल होंगे।
आपको बता दें कि एमसीडी के सभी 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को वोटिंग होगी। इसका परिणाम 7 दिसंबर को जारी किया जाएगा। बीजेपी और आम आदमी पार्टी की ओर से सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। यानी बीजेपी और आप के 250-250 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है, जबकि कांग्रेस के 3 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द हो जाने के बाद 247 प्रत्याशी ही चुनाव लड़ रहे है।