scriptGuinness world record: 34 वर्षीय इस शख्स ने ट्रेडमिल पर 12 घंटे में 68 किमी दौड़कर बनाया विश्व रिकॉर्ड, अपने नाम कर चुके ये रिकॉर्ड्स | Odisha Sumit singh runs 68 km in 12 hours Guinness world record | Patrika News
राष्ट्रीय

Guinness world record: 34 वर्षीय इस शख्स ने ट्रेडमिल पर 12 घंटे में 68 किमी दौड़कर बनाया विश्व रिकॉर्ड, अपने नाम कर चुके ये रिकॉर्ड्स

Sumit Kumar Singh Sets many world records in running: ओडिशा के सुमित कुमार सिंह ने एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड बनाया है। वह ट्रेडमिल पर एक, दो, तीन नहीं बल्कि पूरे 12 घंटे तक दौड़ते रहे। आइए जानते हैं, कौन है यह शख्स और क्या संदेश फैलाना चाहता है?

Apr 11, 2024 / 01:21 pm

स्वतंत्र मिश्र

sumit_kumar_singh.jpg

ओडिशा स्थित राउरकेला के 34 वर्षीय अल्ट्रारनर ने ट्रेडमिल पर 12 घंटे में सबसे ज्यादा समय और सबसे ज्यादा दूरी दौड़कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। संजय कुमार सिंह और मीरा देवी के बेटे सुमित कुमार सिंह यहां बसंती कॉलोनी के निवासी हैं। वह शादीशुदा हैं और उनका एक दो साल का बेटा भी है। सुमित कलुंगा में एक निजी कंपनी में काम करता है। सुमित का लक्ष्य चलते हुए मशीन को छुए बिना 12 घंटे तक ट्रेडमिल पर दौड़ना और कम से कम 65 किमी की दूरी तय करना था।

ट्रेडमिल पर लगातार 12 घंटे तक दौड़ते रहे सुमित

12 मार्च की सुबह 8:15 बजे से रात 8:20 बजे तक बसंती पाठागर परिसर में उनकी दौड़ का एक वीडियो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। वीडियो की पुष्टि करने के बाद गिनीज बुक ने मंगलवार को सुमित को एक प्रमाणपत्र जारी किया। प्रमाणपत्र में लिखा है, “सुमित कुमार सिंह ने 12 घंटे (पुरुष) में मैनुअल ट्रेडमिल पर सबसे बड़ी दूरी 68.04 किलोमीटर (42.27 मील) की दूरी तय की है। यह उपलब्धि ओडिशा के राउरकेला के निवासी सुमित ने 12 मार्च 2024 को हासिल किया।”

12 और 24 घंटे लगातार दौड़ते रहने का बना चुके रिकॉर्ड

सुमित पहले ट्रैक पर 12 घंटे और 24 घंटे लगातार दौड़ने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने क्रमशः 102 किमी और 161 किमी की दूरी तय की थी। उनके नाम 30 दिनों में सबसे अधिक मैराथन दूरी तय करने का विश्व रिकॉर्ड भी है, जो उन्होंने पिछले साल बनाया था। वर्ष 2023 के 25 अप्रैल से 24 मई के बीच उन्होंने 33 फुल मैराथन पूरी की, जिसमें कुल 1392.6 किमी की दूरी तय की गई। इस रिकॉर्ड को स्थापित करने के लिए उन्हें द इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा प्रमाणित किया गया है। फुल मैराथन में धावक को 42 किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ती है।

सुमित ने अपने लिए तय किए ये लक्ष्य

सुमित ने दक्षिण अफ्रीका में COMRADES दौड़ के लिए भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए अर्हता प्राप्त कर ली है। यहां उनका लक्ष्य 12 घंटे के भीतर 86 किलोमीटर दौड़ने का है। यह दौड़ जून 2024 में आयोजित की जाएगी।मीडिया से बातचीत करते हएु सुमित ने कहा, “गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद मैं बहुत खुश हूं। मेरा मुख्य उद्देश्य 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों के बारे में जागरूक करना है। इस आयु वर्ग के लोग हमेशा स्वस्थ जीवन शैली बनाए रखने के लिए संघर्ष करते हैं।” उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य 24 घंटे की विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना भी है।”

यह भी पढ़ें नवरात्रि के दौरान मछली खाने के Video पर मचा संग्राम, बीजेपी ने तेजस्वी यादव को घेरा तो उन्होंने कहा- अपलोडिंग की तारीख देख लो

Home / National News / Guinness world record: 34 वर्षीय इस शख्स ने ट्रेडमिल पर 12 घंटे में 68 किमी दौड़कर बनाया विश्व रिकॉर्ड, अपने नाम कर चुके ये रिकॉर्ड्स

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो