राष्ट्रीय

हिमाचल में कांग्रेस पर गरजे प्रधानमंत्री मोदी, बोले-‘5 साल में सरकार बदलने की परंपरा से नुकसान, कांग्रेस का आधार परिवारवाद’

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जारी है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने आज कांगड़ा जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमके निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज कई ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। कांग्रेस का आधार आज भी परिवारवाद ही है।

3 min read
Nov 09, 2022
PM Modi targeted Congress in Himachal assembly election campaign, said - Congress's base is familyism

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने आज चंबी और हमीरपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने कांग्रेस पर जमके हमला किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि "आज हिमाचल 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। जब हिमाचल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी,तो प्रदेश चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई भी उतनी ही तेजी से प्राप्त करेगा।"

इसके साथ ही PM मोदी ने कहा कि "कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और न ही वो चाहते हैं,आज कांग्रेस की गिन कर दो राज्यों में ही सरकारें बची हैं, एक राजस्थान और एक छत्तीसगढ़ में। यहां से कभी भी विकास की खबरें नहीं आती हैं। आज कई ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। कांग्रेस का आधार आज भी परिवारवाद ही है। ऐसी कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं को कभी पूरा नहीं कर सकती है।"

कांग्रेस ने हिमाचल को हर बुनियादी चीज के लिए तरसाया: प्रधानमंत्री मोदी
हमीरपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं यहां के लोगों को जितना जानता हूं, मैं ये कह सकता हूं कि इस बार हिमाचल के लोग खुद चुनाव लड़ रहे हैं, खुद नेतृत्व कर रहे हैं और दोबारा जयराम ठाकुर की सरकार बनाने का फैसला यहां की जनता ने कर लिया है। उन्होंने कहा कि इतने सालों के शासन में कांग्रेस ने जिस तरह हिमाचल के साथ विश्वासघात किया है उसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हिमाचल के ही लोग हैं। कांग्रेस ने हिमाचल को हर बुनियादी चीज के लिए तरसा दिया था। वहीं BJP है जिसने हर घर को बुनियादी सुविधा से जोड़ने के लिए ईमानदारी से प्रयास किया है।

कई राजनीतिक दल सिर्फ परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के भरोसे: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कई राजनीतिक दल सिर्फ परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के भरोसे चल रहे हैं। इसलिए भाजपा की सरकारों का जैसे-जैसे लोगों को अनुभव आता है लोगों का विश्वास बढ़ता जाता है और बार-बार आशीर्वाद मिलता रहता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों का गुस्सा कितना है, एक बार सरकार से गई तो उसका वापस लौटना ही मुश्किल होता है। तमिलनाडु में वहां के लोगों ने करीब 60 साल पहले वहां से कांग्रेस को निकाला, 60 साल हो गए अब तक वापस नहीं आई।

5 साल में सरकार बदलने की परंपरा से हिमाचल को नुकसान
PM मोदी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। इसके साथ ही मणिपुर में भी भाजपा की सरकार फिर से आई है। उन्होंने कहा कि हम ऐसी राजनीतिक परंपरा बनाना चाहते हैं कि हम सरकार में ऐसा काम करें कि मतदाता हमें बार-बार मौका दें। इसलिए हम विकास के लिए और देश के लिए हर जगह, हर स्तर पर काम कर रहे हैं। 5 साल में सरकार बदलने की परंपरा से हिमाचल को भारी नुकसान होगा।

कांग्रेस खुद को मानती है जनता से ऊपर:PM
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उपचुनाव के परिणाम आए हैं। जहां कभी भाजपा को बहुत कमजोर माना जाता था वहां भी लोगों ने कमल का फूल खिला दिया है। वहीं कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी वहां पर कांग्रेस की स्थिति दिनों दिन बिगड़ती ही जा रही है। उड़ीसा से कांग्रेस गायब, तेलंगाना से कांग्रेस साफ, उत्तर प्रदेश और बिहार ने तो बहुत पहले ही कांग्रेस को विदा कर दिया। कांग्रेस खुद को जनता से भी ऊपर मानती है, उसी का ये नतीजा है।

Updated on:
09 Nov 2022 01:58 pm
Published on:
09 Nov 2022 01:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर