
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार। (Photo - ANI)
Congress: कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस ने मंगलवार को जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली निकाली। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार समेत अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए। इस रैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शामिल नहीं हो हुए थे। कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने इसकी वजह बताई है। डीके शिवकुमार ने कहा कि राहुल गांधी स्वास्थ्य कारणों से कर्नाटक के बेलगावी में 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' की सार्वजनिक रैली में शामिल नहीं हो सके।
डिप्टी सीएम ने कहा कि आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी ने एक बहुत महत्वपूर्ण संदेश दिया है। राहुल गांधी की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वे नहीं आ सके। यहां भारी भीड़ थी। बापू की विचारधारा और अंबेडकर के सिद्धांतों को बचाने और संविधान की रक्षा करने के लिए एक अच्छा संदेश गया है। हम बहुत खुश हैं, हमारे सभी कार्यकर्ताओं को यह संदेश लेना चाहिए।
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि संविधान कोई पुस्तक नहीं है बल्कि आपका सुरक्षा कवच है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में लोकतंत्र की सुरक्षा समाहित की है। बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर सामाजिक न्याय और अधिकार का प्रतीक हैं।
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी हमेशा भगवान राम का नाम लेते थे। जब नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या की तब भी महात्मा गांधी ने हे राम कहा था। महात्मा गांधी को बीजेपी ने हमेशा हिंदू विरोधी के रूप में पेश किया है जो कि सौ प्रतिशत झूठ है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में 27 जनवरी को एक और रैली आयोजित की जाएगी। आजकल बीआर अंबेडकर का अपमान किया जा रहा है, यहां तक कि संसद के अंदर भी केंद्रीय गृह मंत्री ने उनका अपमान किया। इसलिए 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' का आयोजन किया गया है और यह पूरे साल चलेगा।
Updated on:
22 Jan 2025 08:43 am
Published on:
21 Jan 2025 09:45 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
