16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे लगी दुकान के उड़ाए परखच्चे, तीन की मौत और 3 घायल

Road Accident: भुवनेश्वर के गजपति नगर इलाके में तेज रफ्तार ईवी ने सड़क किनारे चाय पी रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई जबकि तीन घायल हैं। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification
Bhubaneswar road accident

भुवनेश्वर सड़क दुर्घटना (फोटो- Manoj Jena एक्स पोस्ट)

Road Accident: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां शहर के गजपति नगर इलाके में तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार(EV) ने सड़क किनारे मौजूद कई लोगों को कुचल दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब कुछ लोग सड़क किनारे चाय की दुकान पर खड़े होकर चाय पी रहे थे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कई वाहनों को टक्कर मार दुकान में घुसी कार

पुलिस के अनुसार यह हादसा मैत्री विहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत अचार्य विहार से नालको स्क्वायर को जोड़ने वाली सड़क पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज गति से आ रही ईवी पहले कई दोपहिया वाहनों और एक ऑटो रिक्शा से टकराई। इसके बाद वाहन सीधे सड़क किनारे मौजूद चाय दुकान की ओर बढ़ गया, जहां लोग चाय पी रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग दूर जाकर गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

हादसे में तीन लोगों की मौत और तीन घायल

इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोगों का घायल अवस्था में अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों की पहचान जेरोम एक्का, संतोष बेहरा और लक्ष्मीधर टुडू के रूप में की है। जेरोम एक्का और संतोष बेहरा की मौत सोमवार रात ही हो गई थी, जबकि लक्ष्मीधर टुडू ने मंगलवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का इलाज भुवनेश्वर के अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई और लोगों ने इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग उठाई।

पुलिस ने घटनास्थल से चालक को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। चालक की पहचान गंजाम जिले के गंगापुर निवासी 30 वर्षीय अनिल कुमार गौडा के रूप में की है। हादसे के बाद उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने बताया कि चालक का ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट किया गया, जिसमें अल्कोहल की मात्रा शून्य पाई गई। चालक ने प्रारंभिक पूछताछ में कहा कि उसने कफ मेडिसिन ली थी और लगातार तेज खांसी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और उपलब्ध सबूतों की जांच के बाद ही चल सकेगा।