
लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन बनाने में सबसे आगे थे। लेकिन अब यहीं गठबंधन उनके लिए चुनौती बनती जा रही है। दरअसल नीतीश कुमार कुछ दिनों पहले पटना में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस के लिए लोकसभा से ज्यादा पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव ज्यादा जरुरी है।
वहीं अब उनके इस बयान पर कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने करारा जवाब दिया है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार चाहते हैं कि कल-परसों में ही मोदी जी हट जाएं। ऐसा थोड़े होता है।
नीतीश कुमार बेचैन हैं- कांग्रेस
राजधानी पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार चाहते हैं कि कल-परसों में ही प्रधानमंत्री मोदी जी अपने पद से हट जाएं, ऐसा थोड़े ही होता है। लोकसभा चुनाव अप्रैल में होना है उसमें अभी समय है। अभी तो पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, जिनमें कांग्रेस की स्थिति बहुत अच्छी है।
कांग्रेस छत्तीसगढ़ और राजस्थान में फिर से सरकार बनाने जा रही है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस आगे है। तेलंगाना और मिजोरम में भी कांग्रेस की लड़ाई वहां की क्षेत्रीय पार्टी से है। कांग्रेस के लिए राज्य के चुनाव भी जरूरी है। भारत राज्यों से ही बनता है। कांग्रेस अगर इन राज्यों में चुनाव जीतती है, इससे इंडिया गठबंधन और मजबूत होगा।
नीतीश ने कांग्रेस के रवैये पर उठाए थे सवाल
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुछ दिन पहले भाकपा की एक रैली में इंडिया गठबंधन में कुछ काम नहीं होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताते हुए कहा था कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी को अब इसकी चिंता नहीं है। वह पांच राज्यों के चुनाव में लगी है। नीतीश ने कहा था कि ऐसा लगता है कांग्रेस पार्टी को अब इसकी कोई चिंता नहीं है। फिलहाल कांग्रेस को पांच राज्यों के चुनाव की ज्यादा चिंता है, कांग्रेस इसी में लगी हुई है।
इंडिया गठबंधन और 2024 के चुनाव को लेकर कोई चर्चा ही नहीं हो रही है। हम सभी लोग एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को ही आगे बढ़ने का काम कर रहे थे लेकिन कांग्रेस को इसकी कोई चिंता नहीं है।
Published on:
07 Nov 2023 04:50 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
