बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को लेकर मशहूर लेखिका तसलीमा नसरीन ने पीएम शेख हसीना पर निशाना साधा है। तसलीमा का कहना है कि जब पूरा देश जल रहा है ऐसे में पीएम हसीना जश्न मना रही हैं।
नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इन हमलों को लेकर बांग्लादेश सरकार की जमकर आलोचना हो रही है। इसी बीच अब मशहूर लेखिका तसलीमा नसरीन ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना पर निशाना साधा है। दरअसल, तसलीमा ने सिलसिलेवार तरीके से कई ट्वीट करके इन हमलों की आलोचना की है।
तसलीमा नसरीन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं, उनके घरों में आग लगाई जा रही है और ऐसे समय में पीएम हसीना पीड़ितों की सुध लेने के बजाय जश्न मना रही हैं। जब बांग्लादेश के लोग मदद के लिए सरकार की ओर देश रहे हैं तब पीएम शेख हसीना आज अपने भाई शेख रसेल का जन्मदिन का जन्मदिन मना रही हैं।
तसलीमा ने अपने एक ट्वीट में 'जब रोम जल रहा था तो नीरो बांसुरी बजा रहा था' कहावत का जिक्र किया। बता दें कि इस कहावत को लापरवाह शासकों के संदर्भ में इस्तेमाल किया जाता है। लेखिका ने लिखा कि दो हिंदू गांवों को जिहादियों में जला दिया है और हसीना बांसुरी बजा रही है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के बाद बांग्लादेश का नया नाम जिहादिस्तान हो गया है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में 13 अक्टूबर यानि दुर्गा पूजा से हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बांग्लादेश के कोमिल्ला में दुर्गा पूजा पंडालों में हमले के बाद रविवार को रंगपुर के उपजिला पीरगंज में हिंदुओं के घरों को आग लगा दी गई। वहीं कुछ कट्टरपंथियों ने हिंदुओं के 20 घरों को जलाया गया।