
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (फोटो-ANI)
Tirumala Temple: आंध्र प्रदेश के श्री वेंकटेश्वर मंदिर का प्रबंधन करने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने अपने चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इन चारों कमचारियों को पर आरोप है कि वे हिंदू धार्मिक संस्थान में कार्यरत होने के बावजूद कथित रूप से ईसाई धर्म का पालन कर रहे थे। ट्रस्ट की संस्थागत आचार संहिता का उल्लंघन माना गया।
निलंबित कर्मचारियों में उप-कार्यकारी अभियंता (गुणवत्ता नियंत्रण) बी एलिज़ार, स्टाफ नर्स, बीआईआरआरडी अस्पताल, एस रोसी, ग्रेड-1 फार्मासिस्ट, बीआईआरआरडी अस्पताल, एम प्रेमवती और एसवी आयुर्वेद फार्मेसी की डॉ. जी असुंथा शामिल हैं।
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने एक बयान में कहा कि इन कर्मचारियों पर संस्थान की आचार संहिता का उल्लंघन करने और एक हिंदू धार्मिक संगठन का प्रतिनिधित्व और उसके लिए काम करते हुए अपने कर्तव्यों का गैर-जिम्मेदाराना ढंग से पालन करने का आरोप है। टीटीडी सतर्कता विभाग द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद, नियमों के अनुसार उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई और चारों कर्मचारियों को तुरंत निलंबित कर दिया गया।
8 जुलाई को टीटीडी ने सहायक कार्यकारी अधिकारी ए राजशेखर बाबू को यह कहते हुए निलंबित कर दिया था कि वह तिरुपति जिले के अपने गृहनगर पुत्तूर में हर रविवार को स्थानीय चर्च की प्रार्थना में शामिल होते हैं। टीटीडी सूत्रों ने बताया कि बोर्ड ने टीटीडी में खासकर उसके द्वारा शासित और प्रबंधित मंदिरों में किसी भी गैर-हिंदू को काम करने की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है।
पिछले साल जून में तेलुगु देशम पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद, टीटीडी ने विभिन्न पदों पर कार्यरत कई गैर-हिंदू कर्मचारियों का तबादला कर दिया है। इस साल फरवरी में टीटीडी ने गैर-हिंदू धार्मिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने और उनका पालन करने के आरोप में 18 कर्मचारियों का तबादला कर दिया था। स्थानांतरित कर्मचारियों में विभिन्न टीटीडी शैक्षणिक संस्थानों के छह शिक्षक, एक उप कार्यकारी अधिकारी (कल्याण), एक सहायक कार्यकारी अधिकारी, एक सहायक तकनीकी अधिकारी (विद्युत), एक छात्रावास कर्मचारी, दो इलेक्ट्रीशियन और दो नर्स शामिल हैं।
Updated on:
20 Jul 2025, 3:54 PM IST
Published on:
20 Jul 2025, 3:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.