
अनुराग मिश्रा! नई दिल्ली: आगामी पर्व त्योहारों पर कानून-व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में गुरूवार देर रात शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश के CM आदित्यनाथ ने बैठक ली। इस बैठक में पुलिस कमिश्नरों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों व पुलिस कप्तान गणों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई
बैठक में 16 जून को गंगा दशहरा, 17 जून को बकरीद, 18 जून को ज्येष्ठ महीने का मंगल और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर क़ानून व्यवस्था को लेकर अफ़सरों के साथ समीक्षा की गई।
जुलाई में मोहर्रम और कांवड़ यात्रा जैसे पवित्र कार्यक्रम होने हैं। स्वाभाविक रूप से यह समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। शासन-प्रशासन को 24×7 एक्टिव मोड में रहने की आवश्यकता पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा की तरफ़ से ज़ोर दिया गया।
गंगा दशहरा पर गंगा नदी के घाटों की साफ-सफाई और साज-सज्जा की बात कही गई । स्नान कहाँ करना है, यह सुनिश्चित हो। सतर्कता के दृष्टिगत गोताखोरों, PAC के फ्लड यूनिट तथा NDRF व SDRF की तैनाती भी की जाए।
भीषण गर्मी के साथ साथ ही पर्व-त्योहारों का आयोजन भी होना है। ऐसे में गांव, नगर, महानगर, कहीं भी रोस्टरिंग के नाम पर अनावश्यक 'पॉवर कट' न हो। ट्रांसफार्मर खराब होने अथवा फॉल्ट की समस्या का तेजी के साथ निस्तारण कराएं। आम जन की जरूरतों का ध्यान रखें।
मुख्य सचिव ने अफ़सरों को निर्देश दिया कि थाना, सर्किल, जिला, रेंज, जोन, मंडल स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, समाज के अन्य प्रतिष्ठित जनों के साथ संवाद बनाएं। लोगों के लिए सकारात्मक संदेश जारी कराएं। पीस कमेटी की बैठक कर लें। मीडिया का सहयोग लें, ताकि शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने बकरीद पर कुर्बानी के लिए स्थान का चिन्हांकन पहले से किए जाने की बात कही आदित्यनाथ ने कहा कि कहीं और कुर्बानी न हो। विवादित/संवेदनशील स्थलों पर कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक दशा में यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न हो।
नमाज परंपरानुसार एक निर्धारित स्थल पर ही हों। सड़क मार्ग अवरुद्ध कर नमाज की कार्यवाही नहीं होनी चाहिए। आस्था का सम्मान करें किंतु किसी नई परंपरा को प्रोत्साहन न दें। वीडियोग्राफी कराएं, ड्रोन का इस्तेमाल किया जाए।
Updated on:
13 Jun 2024 11:48 pm
Published on:
13 Jun 2024 11:47 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
