
भारी बारिश से कई राज्यों में आफत, 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट
weather update बीते कुछ दिनों से भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। इससे लोगों को तपती गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन बारिश से उपजी कई समस्याओं से लोगों का जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। मैदानी इलाकों में तो जन-जीवन थोड़ा-बहुत परेशान हुआ है, लेकिन पहाड़ी राज्यों में बारिश आफत बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश भूस्खलन तेज हो गया है। कई सड़कें बंद हो गई है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पहाड़ घूमने आए सैलानियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश ने नदियों के जलस्तर को भी बढ़ा दिया है। इससे कई जगह बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इधर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में आगे भी बारिश की आशंका जताई है।
हिमाचल में बारिश से भारी तबाही
दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून को हिमाचल प्रदेश पहुंचा। जिसके बाद से राज्य में लगातार बारिश हो रही है। बारिश से भूस्खलन तेज हो गया है। इस कारण राज्य में करीब 301 सड़कें बंद की गई हैं। दो राष्ट्रीय राजमार्ग बंद किए गए। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पिछले दो दिनों में 6 लोगों की मौत हो गई है, एक युवक लापता बताया जा रहा है और 10 अन्य घायल हो गए हैं।
मनाली फोरलेन पर 15 किमी लंबा जाम
भूस्खलन के कारण कीरतपुर से मनाली फोर-लेन हाईवे ब्लॉक हो गया, जिसमें कम से कम 5,000 वाहन फंस गए। करीब 15KM लंबा जाम लग गया, हालांकि शाम होते-होते 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे को एक तरफ से खोला गया है। विपरित मौसम को देखते हुए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों से नदी और पहाड़ी इलाकों की न जाने की अपील की गई है।
लगभग 4-5 दिन ऐसे ही हालात रहेंगेः IMD
हिमाचल प्रदेश IMD के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि पिछले 48 घंटों में व्यापक बारिश हुई है। मंडी जिले में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। अभी भी बारिश जारी है। लगभग 4-5 दिन ऐसी स्थिति रहेगी। आज और कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
खराब मौसम के कारण रोकी गई चारधाम यात्रा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया, मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सरकार ने चारधाम यात्रा को रोका है। हरिद्वार लोकसभा में होने वाली रैली 28 जून को रुड़की में प्रस्तावित है। अन्य जगह पर होने वाली रैलियों पर मौसम सामान्य होने पर निर्णय लिया जाएगा।
इन 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि 48 घंटों में मध्यप्रदेश समेत 25 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल में आज और कल दो दिन भारी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र में 24 घंटे में बारिश से 6 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में मानसून कहर बनकर आया है। मायानगरी में पिछले 24 घंटे में छह लोगों की जान ले चुका है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट के साथ अगले 48 घंटे में मुंबई में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे कई जिलों में भी 30 जून तक के लिए अलग-अलग स्तर के अलर्ट जारी किए गए हैं।
जानिए बारिश से अन्य राज्यों में कैसा है हाल
गुजरात के खेड़ा ज़िले के नाडियाद शहर में भारी बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया है। अहमदाबाद के कई इलाकों में बारिश जारी है।
राजस्थान के जोधपुर के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। बारिश के कारण सड़कों पर भारी जलभराव देखने को मिला। श्री गंगानगर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव की स्थिति हो गई।
पंजाब: जीरकपुर शहर में भारी बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव देखने को मिला।
जम्मू-कश्मीर के रामबन सेक्टर में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। इस कारण उधमपुर जिले में बड़ी संख्या में ट्रक फंस गए। श्रीनगर में भी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर जलभराव हुआ।
असम में बाढ़ की स्थिति लगातार विकराल बनी हुई है जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां करीब 5 लाख लोग बाढ़ में फसे हैं।
यह भी पढ़ें - पहाड़ पर बादल फटने के आसार, गृह मंत्रालय सतर्क, IMD ने इन राज्यों में जारी किया अलर्ट
Updated on:
27 Jun 2023 07:29 am
Published on:
26 Jun 2023 11:23 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
