17 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Explainer: क्या है वोक, कहां से आया और किनके लिए प्रयोग में लाया जाता है यह शब्द? आरएसएस प्रमुख भागवत ने नागपुर में किया इसका जिक्र

आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने विजयदशमी के मौके पर नागपुर में अपने संबोधन में सांस्कृतिक मार्क्सवादियों को ‘वोक’ कहा।

2 min read
Google source verification
rss_chief_mohan_bhagwat.jpg

राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने विजयदशमी के मौके पर नागपुर में अपने संबोधन में सांस्कृतिक मार्क्सवादियों को ‘वोक’ कहा। मार्क्ससिस्टों पर तंज करते हुए उन्होंने कहा, आजकल उनका नया नाम दुनिया में चला है ‘कल्चरल मार्क्ससिस्ट’ या वोक ..यानी जगे हुए वोकिज्म। नाम तो मार्क्स का लेते हैं लेकिन 1920 में ही समझ गए कि मार्क्स ने जो भविष्यवाणी की, ऐसा कुछ भी होने वाला नहीं है इसलिए उसी वक्त उन्होंने मार्क्स की बातों को भुला दिया। आजकल विश्व की सारी सुव्यवस्था से उनका विरोध है। जानिए वोक शब्द का अर्थ क्या है और यह कहां से चलन में आया।

वोक शब्द कहां से आया

वोक शब्द की उत्पत्ति अमरीका में हुई। यह हाल ही सांस्कृतिक बहस का केंद्र बन गया है। प्रारंभ में इसका उपयोग अश्वेत समुदाय के बीच किया जाता था, जो ‘अवेक’ शब्द से लिया गया था। मरियम वेबस्टर डिक्शनरी के मुताबिक, वोक एक कठबोली (खिचड़ी शब्द) है जो अफ्रीकी अमरीकी वर्नाकुलर इंग्लिश (आवे भी कहा जाता है) की कुछ किस्मों से मुख्यधारा में आ रहा है। आवे में अवेक को अक्सर वोक के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। जैसे मैं सो रहा था लेकिन अब मैं जाग गया (वोक) हूं।

यों कहें, यह हिंसा के खतरों के प्रति जागरूक या सतर्क रहने की आवश्यकता का संकेत है।
लेखक रोमानो लिखते हैं, 'कई दशकों के बाद, धोखेबाज साथी पर संदेह करने के लिए एक शब्द के रूप में वोक का भी इस्तेमाल किया गया। इस शब्द का प्रयोग चाइल्डिश गैम्बिनो के लोकप्रिय 2018 गीत 'रेडबोन' में किया गया है।

अमरीका में भी इस शब्द का हुआ इस्तेमाल

मरियम-वेबस्टर के मुताबिक 'स्टे वोक' (जागते रहो) और 'वोक' (जागो) 2014 में एक व्यापक चर्चा का हिस्सा बन गए जब अमरीका में एक पुलिस अधिकारी के हाथों 18 वर्षीय अश्वेत युवक माइकल ब्राउन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह शब्द पुलिस की बर्बरता और ब्लैक लाइव्स मैटर आंदोलन के इर्द-गिर्द चर्चा से जुड़ा जो इसके खिलाफ अभियान चला रहा था।

डिक्शनरी में कब जुड़ा

वोक को 2017 में ऑक्सफोर्ड और मरियम वेबस्टर डिक्शनरी में जोड़ा गया था। 2020 में जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद 2020 में इस शब्द को काफी ऑनलाइन सर्च किया गया।
कई अर्थों में इस्तेमाल होने लगा।

इस शब्द का वैश्विक स्तर पर होने लगा प्रयोग

अब यह शब्द वैश्विक हो गया। यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में रूढि़वादी राजनेताओं ने समावेशिता के विचारों को ‘वोक’ कहकर मजाक उड़ाया है। दूसरे अर्थों में इसका उपयोग लैंगिक समानता और पर्यावरण संरक्षण के कारणों के लिए भी किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक डॉक्यूमेंट्री के बाद संघ नेता राम माधव ने लिखा था ‘बीबीसी की गिरावट’ ब्रिटिश अभिजात वर्ग में पनप रही ‘वोक कल्चर’ का नतीजा है।